Hazaribagh News: विभावि और रामकृष्ण मिशन आश्रम रांची के संयुक्त तत्वाधान में होगा ‘नया भारत गढ़ो’ प्रतियोगिता

रवींद्रनाथ टैगोर कला भवन में जिला समन्वयक गजानन पाठक के साथ रणनीति बनाते विभावि समिति सदस्य।

हजारीबाग: विनोबा भावे विश्वविद्यालय और रामकृष्ण मिशन आश्रम मोराबादी, रांची के संयुक्त तत्वावधान में पिछले वर्षों की भांति इस वर्ष भी ‘नया भारत गढ़ो’ (Rebuild India) प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के प्रभावशाली समन्वय एवं कार्यान्वयन हेतु विनोबा भावे विश्वविद्यालय ने एक तीन-सदस्यीय उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है। इस समिति में हिंदी विभाग के अध्यक्ष डॉ. सुबोध कुमार सिंह ‘शिवगीत’, योग केंद्र के निदेशक डॉ. राजकुमार चौबे तथा यूसेट के प्राध्यापक सह राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. खेमलाल महतो को सदस्य बनाया गया है।

समिति ने रवींद्रनाथ टैगोर कला भवन में इस प्रतियोगिता के जिला कार्यक्रम समन्वयक गजानन पाठक के साथ बैठक की। रविवार को इसकी जानकारी देते हुए डॉ. सुबोध, डॉ. राजकुमार एवं डॉ. खेमलाल ने संयुक्त रूप से बताया कि उक्त प्रतियोगिताओं का आयोजन रामकृष्ण मिशन, रांची के तत्वावधान में आयोजित 56वीं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के अंतर्गत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि झारखंड के राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष गंगवार, रामकृष्ण मिशन, रांची के सचिव स्वामी भवेशानंद जी महाराज तथा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. चंद्र भूषण शर्मा की प्रेरणा से इस आयोजन की तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं।

सदस्यों ने जानकारी दी कि इसके अंतर्गत निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता होगी। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थी भाग ले सकते हैं। विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर तथा स्नातक विभागों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का दायित्व समिति को दिया गया है।

सदस्यों ने बताया कि प्रतियोगिता स्वामी विवेकानंद द्वारा रचित पुस्तक ‘भारत और उसकी समस्याएं’ (India & Her problems) पर आधारित होगी। निबंध लेखन के लिए 800 शब्द निर्धारित किए गए हैं, जिसमें प्रतिभागी को उक्त पुस्तक के अध्ययन के उपरांत उसके सार तत्वों को प्रस्तुत करना है। तत्पश्चात इस पुस्तक के तथ्यों के आधार पर प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया जाएगा। निबंध लेखन प्रतियोगिता ऑफलाइन मोड में आयोजित होगी। निबंध संस्कृत, हिंदी, बांग्ला या अंग्रेजी में लिखा जा सकता है। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता ऑनलाइन मोड में आयोजित की जाएगी।

विश्वविद्यालय स्तर के विजेताओं को अगले चरण की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा।समिति के सदस्यों ने बताया कि उक्त प्रतियोगिता के लिए विद्यार्थियों को 30 नवंबर तक अपना पंजीकरण करवाना होगा। यह भी बताया कि पंजीकरण निःशुल्क है। पंजीकरण करने तथा ऑनलाइन उपलब्ध अध्ययन सामग्री डाउनलोड करने हेतु क्यूआर (QR) कोड जारी किया गया है। प्रतियोगिता से संबंधित सभी जानकारी वेबसाइट www.rkmranchi.org/competition पर उपलब्ध करा दी गई है।

लेखक के बारे में

By Purushottam Upadhyay

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More