रांची के अखबार : कोरोना जांच फार्म को लोग बताने लगे एनआरसी फार्म, दूसरे कोरोना मरीज की कहानी, अन्य खबरें

रांची : रांची से छपने वाले अखबारों में आज राज्य में दूसरे कोरोना मरीज के मिलने की खबर प्रमुखता से है.
प्रभात खबर कि लीड खबर की हेडिंग है: हजारीबाग में दूसरा कोरोना संक्रमित, 29 मार्च को आसनसोल से पहुंचा था विष्णुगढ. अखबार ने लिखा है कि वह आसनसोल में एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में 25 साल से मोटिया मजदूर का काम करता था और लाॅकडाउन में घर आ गया. उसके संपर्क में आने वाले लोगों की पहचान की जा रही है. अखबार ने लिखा है कि कोरोना का लक्षण दिखने पर रिम्स ने उसका सैंपल मंगाया और जांच में कोरोना की पुष्टि हुई. हिंदपीढी से मेडिकल टीम को खदेड़े जाने की खबर भी अखबार ने दी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुख्यमंत्रियों के साथ कोरोना पर वीडियो कान्फ्रेंसिंग की खबर पहले पन्ने पर है. इसकी हेडिंग है : पूरा देश तय करे एक लक्ष्य, कोरोना से कम से कम हो जिंदगियों का नुकसान. यह खबर भी है कि देशभर में 400 जमाती कोरोना पाॅजिटिव पाए गए. वहीं, एक खबर है कि सिमडेगा में महुआ चुनने के विवाद में चार की हत्या कर दी गयी और इस मामले में पांच गिरफ्तार किए गए.
दैनिक जागरण की लीड खबर है : हजारीबाग में मिला कोरोना पाॅजिटिव. अखबार ने लिखा है कि वह आसनसोल की फैक्ट्री में काम करता था. झारखंड का यह दूसरा मामला है. अखबार ने खबर दी है कि 960 विदेशी तबलीगी काली सूची में, वीजा रद्द किया. अखबार की एक खबर का शीर्षक है: कोरोना जांच को पहुंची टीम तो उड़ा एनआरसी का सुर्रा, भारी हंगामा. यह हिंदपीढी की खबर है जहां कर्मियों को कागजात फाड़ दिए गए और अफसरों के समझाने पर भी लोग नहीं माने. लोग यह कहने लगे कि कोरोना के नाम पर एनआरसी का फार्म सरकारी कर्मी भरवा रहे हैं. दिल्ली से एक खबर है कि मौजूदा दवाओं से ही कोरोना को मात देने की तैयारी में जुटे हैं वैज्ञानिक. एक खबर है कि लाॅकडाउन
दैनिक भास्कर की लीड खबर का शीर्षक है: लाॅकडाउन में शादी अटेंड कर आसनसोल से पैदल लौटा था हजारीबाग का मरीज, जांच में पाॅजिटिव. अखबार ने लिखा है कि वह वहां एक शादी में शामिल हुए और और लाॅकडाउन होने पर पैदल ही अपने गांव आया था. हिंदपीढी की खबर है कि कोरोना स्क्रीनिंग फार्म को एनआरसी फार्म समझकर लोगों ने विरोध किया, इसके बाद देर शाम प्रशासन ने दूसर फार्म जारी किया, डीसी के समझाने पर लोग माने और आज स्क्रीनिंग होगी. एक खबर है: मलेशियाई युवती को उलटी के साथ पेटदर्द…डाॅक्टर बोले कोरोना के लक्षण. अखबार ने लिखा है कि मलेशियाई युवती में जब संक्रमण पाया गया तो उसमें कोरोना के लक्षण नहीं दिख रहे थे, इसके बाद हिंदपीढी के लोगों ने कई सवाल खड़े किए, लेकिन बुधवार रात से लक्षण दिखने लगे. सात तारीख को उसकी एक बार फिर जांच होगी. इसी के साथ एक छोटी खबर है कि मलेशियाई युवती ने नर्साें को धमकी दी कि मेरे यहां बहुत लोग हैं गोली मरवा दूंगी. एक खबर है कि संक्रमण के डर से सफाईकर्मियों ने हिंदपीढी जाने से इनकार कर दिया और इस कारण कूड़े का उठाव नहीं हुआ है.


