Hazaribagh News: एसपी अमन कुमार के निर्देश पर चला विशेष छापेमारी अभियान, 33 अभियुक्त गिरफ्तार

हजारीबाग: पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के आदेशानुसार जिले में फरार चल रहे अपराधियों, वारंटियों एवं विभिन्न कांडों के अभियुक्तों के विरुद्ध रविवार की रात विशेष समकालीन छापेमारी अभियान चलाया गया। जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षकों एवं पुलिस निरीक्षकों के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर कार्रवाई की।
अभियान के लिए थाना प्रभारियों के नेतृत्व में कुल 31 पुलिस टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों में करीब 123 पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी शामिल थे। गठित टीमों ने जिले के विभिन्न इलाकों में संभावित ठिकानों पर छापेमारी करते हुए फरार आरोपियों एवं वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान कुल 33 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 08 वारंटों का निष्पादन भी किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों एवं वारंटियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से इस प्रकार के विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे। फरार अपराधियों और विभिन्न मामलों में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
हजारीबाग पुलिस ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि यदि किसी व्यक्ति को अपने क्षेत्र में ऐसे आपराधिक तत्वों के बारे में जानकारी है, जो गिरफ्तारी के डर से फरार चल रहे हैं, तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाना को दें। पुलिस द्वारा प्राप्त सूचना का सत्यापन कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम लोगों को भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वालों की पहचान को गोपनीय रखा जाएगा।


