Hazaribagh News: सोहराय बुरु जतरा मेला में उमड़ा जनसैलाब, सांसद प्रतिनिधि किशोरी राणा ने चापानल निर्माण की घोषणा की

मांदर की थाप पर पारंपरिक आदिवासी नृत्य प्रस्तुत करते कलाकार।
आदिवासी संस्कृति, सभ्यता और परंपरा का दिखा संगम, मांदर की थाप पर झूमे ग्रामीण

हजारीबाग: कटकमसांडी में प्रखंड अंतर्गत आराभूसाई पंचायत के बारीकोला, भैलवारी में मंगलवार को आदिवासी संस्कृति, सभ्यता एवं परंपरा का प्रतीक भव्य सोहराय बुरु जतरा मेला हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। मेले में बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोगों एवं ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने विधिवत फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया।

मेले में मांदर की गूंज, पारंपरिक आदिवासी नृत्य-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोह लिया। आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में आदिवासी महिला-पुरुष एवं ग्रामीण शामिल हुए। पूरे आयोजन स्थल पर उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम के दौरान सदर विधानसभा के सांसद प्रतिनिधि किशोरी राणा ने मंच से ग्रामीणों को संबोधित करते हुए घोषणा की कि मेला मैदान में जल्द ही चापानल का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे मेले में आने वाले लोगों के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीणों को भी पेयजल की सुविधा मिल सकेगी। उनकी इस घोषणा का उपस्थित ग्रामीणों ने स्वागत किया।

मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष कैलाश यादव, सांसद प्रतिनिधि एवं वरिष्ठ भाजपा नेता प्रेम प्रसाद, मुखिया आदित्य दांगी, मुखिया प्रतिनिधि हलधर यादव, महामंत्री अरविंद यादव, पूर्व मुखिया लीलो सिंह भोक्ता, भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता संदीप मुंडा, इंद्रदेव यादव, रहमत अंसारी, शशि कुमार यादव, जयमंगल कुजूर, पाहन ननकू ओरांव, रामलखन सिंह मुंडा, ननकू मुंडा, चमरू मुंडा, मनीष लिंडा, मंगलू उरांव, सोमा मुंडा, बिरसा मुंडा, खिरोधर यादव, तुलसी मुंडा और अनुज राणा सहित सैकड़ों की संख्या में आदिवासी समाज के लोग एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि सोहराय बुरु जतरा मेला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपरा, सामाजिक एकता और गौरवशाली पहचान को जीवंत रखने का महत्वपूर्ण मंच है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है।

कार्यक्रम के अंत में आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले आयोजन समिति के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। आयोजन समिति के बेहतर प्रबंधन और ग्रामीणों के सहयोग से मेला भव्य एवं यादगार रहा।

लेखक के बारे में

By Purushottam Upadhyay

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More