Hazaribagh News: विनोबा भावे विश्वविद्यालय योग केंद्र में नवनियुक्त योग शिक्षक व प्रशिक्षक अभिनंदन समारोह

हजारीबाग: विनोबा भावे विश्वविद्यालय हजारीबाग योग केंद्र के तत्वावधान में 14 अक्टूबर 2026 को रवींद्रनाथ टैगोर कला भवन के डॉ. राधाकृष्णन सभागार में नवनियुक्त योग शिक्षक एवं प्रशिक्षक अभिनंदन समारोह संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकाल 8 बजे योग केंद्र के शिक्षक, प्रशिक्षक एवं विद्यार्थियों द्वारा सामूहिक रूप से हवन एवं यज्ञानुष्ठान के साथ किया गया।
अभिनंदन समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष डॉ. विकास कुमार उपस्थित हुए और उन्होंने नवनियुक्त योग शिक्षक अनुराग जायसवाल तथा योग प्रशिक्षक सत्यप्रकाश एवं सुरभि सिंह को स्मृति चिन्ह और पौधा भेंट कर सम्मानित किया।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डॉ. विकास कुमार ने अपने स्कूली जीवन को स्मरण करते हुए बताया कि उस समय वे योग विद्या से जुड़े थे और इस क्षेत्र में उन्हें पदक भी प्राप्त हुए थे। उन्होंने आज के भौतिकवादी जीवन की अंधी दौड़ में लोगों के तनावग्रस्त, अशांत मन और अवसाद आदि का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे में आशा की किरण एवं समस्याओं के निवारण के रूप में वैश्विक स्तर पर योग क्रांति का अभ्युदय हुआ है।
दूसरे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पतंजलि योगपीठ झारखंड प्रदेश के प्रमुख रामजीवन पाण्डेय ने योग के ऐतिहासिक, सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक बिंदुओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि योग मात्र शारीरिक व्यायाम या मुद्राओं तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह मानव को महामानव बनाने का समग्र विज्ञान है।
इस पावन अवसर पर विश्वविद्यालय के शिक्षक डॉ. अमित कुमार सिंह, डॉ. विजय कुजूर, डॉ. यामिनी सहाय, डॉ. अजय बहादुर सिंह, डॉ. अशोक राम तथा योग केंद्र के पूर्व प्रशिक्षक ज्ञानोदय, पूर्व छात्रा वर्षा डे, विनीत सिंह एवं खिलेश्वरी ने भी अपने विचार रखे।
अभिनंदन कार्यक्रम में फिजियोथेरेपी विभाग के विद्यार्थी भी अच्छी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन योग प्रशिक्षक अभिषेक कुमार सिंह ने किया, जबकि अध्यक्षता एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ. राजकुमार चौबे द्वारा किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में दर्शनशास्त्र विभाग के शोधार्थी मो. फैज़ल, राजेश कुमार, ईशा तथा योग केंद्र के विद्यार्थी राकेश कुमार, नेहा, साक्षी, जागृति, निकी कुमारी, रश्मि आदि का प्रमुख योगदान रहा।


