Hazaribagh News: कटकमसांडी के हरिना गांव में कच्ची और कीचड़ भरी सड़कों से ग्रामीण बेहाल

हजारीबाग: लगातार तीन दिनों की झमाझम बारिश ने कटकमसांडी प्रखण्ड की पबरा पंचायत स्थित हरिना गाँव के विकास के दावों की पोल खोलकर रख दी है। ग्राम मायापुर मिडिल स्कूल से सुखदेव मेहता के घर तक और दुर्गा मंडप से बलवा तारी रोड तक की सड़कें आज भी कच्ची और बदहाल हैं। हालत यह है कि कीचड़ से भरे इन रास्तों पर मोरम तक नहीं डाला गया, जिससे आपात स्थिति में टोले तक एंबुलेंस तक नहीं पहुँच पा रही है।
सड़क न बनने से आक्रोशित ग्रामीणों—शिवकुमार मेहता, शंकर राणा, उमेश मेहता, राजेंद्र राणा, संतोष कुमार मेहता, अजय कुमार मेहता, रामकिशन रजक, बैजनाथ ठाकुर, माथुर प्रसाद, माथुर मेहता, रमन प्रसाद मेहता, मिथुन कुमार रजक, जितेंद्र मेहता, आनंद प्रसाद मेहता, महेश मेहता, योगेंद्र प्रसाद मेहता, शिबू मेहता, मधु रजक और राधा देवी ने बताया कि वे जिला प्रशासन से लेकर सांसद व विधायक तक कई बार गुहार लगा चुके हैं, लेकिन आश्वासन के सिवा कुछ नहीं मिला। ग्रामीणों ने इस बार प्राथमिकता के आधार पर सड़क निर्माण की माँग की है।
मामले पर पंचायत मुखिया सोनी कुमारी ने लाचारी जताते हुए कहा कि सीमित फंड के कारण पंचायत स्तर से दोनों सड़कों का निर्माण संभव नहीं है। उन्होंने इस गंभीर समस्या को लेकर उपायुक्त (डीसी), सांसद और विधायक को आवेदन देकर जल्द से जल्द पक्की सड़क बनवाने की माँग की है ताकि ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिल सके।


