Hazaribagh News: बादम क्षेत्र की बेसहारा बुजुर्ग महिला जर्जर कच्चे मकान में रहने को मजबूर

जर्जर कच्चे मकान का दृश्य।

बड़कागांव: बड़कागांव प्रखंड के बादम क्षेत्र में सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित एक बुजुर्ग महिला का मामला सामने आया है। महिला के पास रहने के लिए पक्का मकान नहीं है और वह जर्जर कच्चे घर में अकेले जीवन गुजारने को मजबूर हैं। घर की दीवारें और छत काफी खराब स्थिति में हैं, जिससे बरसात और अन्य मौसम में उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है।

बताया जाता है कि बुजुर्ग महिला को अब तक अबुआ आवास योजना अथवा प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। महिला का कहना है कि जब अबुआ आवास की सूची में उनका नाम आया था, तब मुखिया सुनीता देवी की ओर से उन्हें बताया गया कि वर्तमान सूची पूरी होने के बाद अगली सूची में उनका नाम शामिल किया जाएगा। महिला के अनुसार, इसके बाद भी उन्हें आवास का लाभ नहीं मिल सका।

सबसे चिंताजनक बात यह है कि महिला निसंतान हैं और परिवार में भी कोई ऐसा सदस्य नहीं है जो इस उम्र में उनका सहारा बन सके। आर्थिक एवं पारिवारिक सहयोग के अभाव में वह अकेले ही अपना जीवन व्यतीत कर रही हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मामले की जांच कर बुजुर्ग महिला की स्थिति का जायजा लेने तथा पात्रता के आधार पर उन्हें आवास सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि बेसहारा और निसंतान बुजुर्गों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर मिलना चाहिए, ताकि उन्हें सुरक्षित एवं सम्मानजनक जीवन मिल सके।

लेखक के बारे में

By Purushottam Upadhyay

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More