Giridih News : राज्य स्तरीय बैडमिंटन चैंपियनशिप का भव्य समापन, डी. राजवीर ने जीते दो पदक

गिरिडीह इंडोर स्टेडियम में राज्य स्तरीय बैडमिंटन चैंपियनशिप के समापन समारोह में उपस्थित अतिथि।
राज्यसभा सांसद डॉ. सरफराज अहमद ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह, अंडर-15 में बने विजेता और अंडर-17 में हासिल किया

गिरिडीह : गिरिडीह इंडोर स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय अंडर-15 एवं अंडर-17 बैडमिंटन चैंपियनशिप सह चयन ट्रायल-2026 का रविवार शाम भव्य समापन हुआ। गिरिडीह जिला बैडमिंटन संघ की ओर से 29 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित चार दिवसीय प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का अंतिम मुकाबला रविवार शाम सात बजे खेला गया।

समापन समारोह में राज्यसभा सांसद डॉ. सरफराज अहमद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान गिरिडीह की महापौर, उपमहापौर, वन प्रमंडल पदाधिकारी (डीएफओ) और झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल से अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष की भावना विकसित होती है। इस तरह के आयोजनों से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का बेहतर मंच मिलता है।

प्रतियोगिता में अंडर-15 और अंडर-17 वर्ग के बालक-बालिका एकल, युगल एवं मिश्रित युगल मुकाबले आयोजित किए गए। इसमें गिरिडीह के डी. राजवीर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-15 बालक एकल का खिताब अपने नाम किया। वहीं अंडर-17 बालक एकल वर्ग में उन्होंने तीसरा स्थान हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया।

अंडर-15 वर्ग के प्रमुख परिणाम

अंडर-15 बालक एकल वर्ग में गिरिडीह के डी. राजवीर विजेता बने। गोड्डा के प्रिंस कुमार उपविजेता और लोहरदगा के अभिजीत उरांव तीसरे स्थान पर रहे। बालिका एकल में धनबाद की काव्या किरण ने खिताब जीता, जबकि देवघर की लाडली रोज उपविजेता और गुमला की आहाना तिग्गा तीसरे स्थान पर रहीं।

बालक युगल में बोकारो के सुरदीप कुमार और लोहरदगा के वीर प्रताप पांडेय की जोड़ी विजेता बनी। सिमडेगा के अनुराग साहू और कुबेर कुमार दास उपविजेता रहे। बालिका युगल में गुमला की आहाना तिग्गा और देवघर की लाडली रोज की जोड़ी ने खिताब जीता। धनबाद की मानिका शर्मा और प्रियंका कुमारी उपविजेता रहीं।

मिश्रित युगल में बोकारो के सुरदीप कुमार और धनबाद की काव्या किरण विजेता बने, जबकि दुमका के रोशन राज मरांडी और निशा मरांडी उपविजेता रहे।

अंडर-17 वर्ग के प्रमुख परिणाम

अंडर-17 बालक एकल वर्ग में रांची के संवित रमेश विजेता और रांची के ही अनिकेत सिंह उपविजेता बने। गिरिडीह के डी. राजवीर ने तीसरा स्थान हासिल किया। बालिका एकल में लातेहार की अनु सृष्टि उरांव विजेता, पूर्वी सिंहभूम की अनुष्का कच्छप उपविजेता और रांची की आशिता तीसरे स्थान पर रहीं।

बालक युगल में रांची के अनिकेत सिंह और श्रीराम रतन की जोड़ी विजेता बनी। पश्चिमी सिंहभूम के अंशुल कुमार गुप्ता और रांची के मोहम्मद मुजाहिद राजा उपविजेता रहे। बालिका युगल में लातेहार की अनु सृष्टि उरांव और पूर्वी सिंहभूम की अनुष्का कच्छप की जोड़ी ने खिताब जीता। बोकारो की अक़्सा फिरदौस और धनबाद की काव्या किरण उपविजेता रहीं।

मिश्रित युगल में रांची के मोहम्मद मुजाहिद राजा और पूर्वी सिंहभूम की अनुष्का कच्छप विजेता बने। देवघर के अभिषेक कुमार और सृष्टि सुमन उपविजेता रहे।

संघ के पदाधिकारी और खेलप्रेमी रहे मौजूद

समापन समारोह में गिरिडीह जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष दिनेश यादव, कार्यकारी उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह सलूजा, उपाध्यक्ष डॉ. सैलेंद्र कुमार चौधरी एवं सुनील मोदी, सचिव नागेंद्र कुमार, रोहित श्रीवास्तव, विक्रम लाहिड़ी, संघ के सदस्य मुकेश जालान और संजीव जी उपस्थित रहे। झामुमो के दिलीप जी, प्रशिक्षक मुकेश कुमार, रोशन और ट्विंकल सहित संघ के पदाधिकारी, सदस्य, स्टेडियम में अभ्यास करने वाले बच्चे और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी भी मौजूद थे।

प्रायोजकों के सहयोग से सफल हुआ आयोजन

चार दिवसीय प्रतियोगिता को सफल बनाने में मुख्य प्रायोजक अमरजीत सिंह सलूजा और सह-प्रायोजक डॉ. सैलेंद्र कुमार चौधरी का विशेष योगदान रहा। संघ ने दोनों प्रायोजकों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि खेल के प्रति उनका समर्पण और सहयोग युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।

गिरिडीह जिला बैडमिंटन संघ ने आयोजन में सहयोग देने वाले पदाधिकारियों, सदस्यों, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों, निर्णायकों और सहयोगियों के साथ प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों का भी धन्यवाद किया। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं से गिरिडीह को खेल के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी और झारखंड की उभरती प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होगा।

लेखक के बारे में

By Samridh Desk

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More