Giridih News: राज्यस्तरीय पैरा योगासना प्रतियोगिता में सूरज को रजत, आयुष ने जीता कांस्य पदक

गिरिडीह के सूरज कुमार और आयुष कुमार ने राज्यस्तरीय पैरा योगासना प्रतियोगिता में क्रमशः रजत और कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।
चार मूक-बधिर खिलाड़ियों ने जमशेदपुर में लिया हिस्सा, पहली बार राज्यस्तर पर पैरा वर्ग में गिरिडीह की भागीदारी

गिरिडीह: झारखंड के जमशेदपुर स्थित गोलमुरी के मिथिला संस्कृति परिषद में आयोजित द्वितीय राज्यस्तरीय पैरा योगासना स्पोर्ट प्रतियोगिता में गिरिडीह के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। झारखंड योगासना स्पोर्ट के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में राज्यभर के लगभग 150 दिव्यांग बच्चों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में गिरिडीह के सूरज कुमार ने रजत पदक, जबकि आयुष कुमार ने कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।

प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए गिरिडीह से चार मूक-बधिर खिलाड़ी सूरज कुमार, आयुष कुमार, विकास किस्कू और पीयूष यादव जमशेदपुर पहुंचे थे। टीम के साथ जिला महासचिव सह कोच अमित स्वर्णकार तथा मूक-बधिर विद्यालय के शिक्षक सह टीम मैनेजर नीरज कुमार भी मौजूद थे। सूरज और आयुष ने पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं, विकास किस्कू और पीयूष यादव को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए आयोजन समिति की ओर से मेडल देकर प्रोत्साहित किया गया।

बच्चों की मेहनत और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन का मिला परिणाम

जिला योगासना स्पोर्ट संघ के अध्यक्ष संतोष शर्मा ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि यह सफलता बच्चों की कड़ी मेहनत और प्रशिक्षकों के समर्पण का परिणाम है। उन्होंने खिलाड़ियों की तैयारी में जिला महासचिव अमित स्वर्णकार और कोषाध्यक्ष दयानंद जायसवाल के योगदान की सराहना की। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों के जमशेदपुर आने-जाने और प्रतियोगिता में भाग लेने का पूरा खर्च जिला संघ की ओर से वहन किया गया।

मूक-बधिर बच्चों को प्रशिक्षण देना था चुनौतीपूर्ण

जिला महासचिव सह टीम कोच अमित स्वर्णकार ने बताया कि सुनने और बोलने में असमर्थ बच्चों को योगासना का प्रशिक्षण देना उनके लिए एक नया अनुभव था। अभ्यास की बारीकियों को समझाना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन कोषाध्यक्ष एवं साथी प्रशिक्षक दयानंद जायसवाल के सहयोग से यह संभव हो पाया। उन्होंने प्रशिक्षण में दयानंद जायसवाल के योगदान की सराहना की।

अमित स्वर्णकार ने मूक-बधिर विद्यालय के शिक्षक नीरज कुमार और विद्यालय के सचिव के प्रति भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रबंधन की अनुमति और सहयोग से बच्चों को प्रशिक्षण देने तथा राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए जमशेदपुर ले जाना संभव हो सका।

गिरिडीह के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि

अमित स्वर्णकार ने कहा कि यह गिरिडीह जिले के लिए गौरव का क्षण है। पहली बार जिले के दिव्यांग खिलाड़ियों ने राज्यस्तरीय खेल प्रतियोगिता में भाग लेकर पदक जीते हैं। यह उपलब्धि अन्य दिव्यांग बच्चों को भी खेलों में आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा साबित करने के लिए प्रेरित करेगी।

खिलाड़ियों की सफलता पर जिला योगासना स्पोर्ट संघ के मुख्य संरक्षक राजेश जालान उर्फ फैंटा जालान, अध्यक्ष संतोष शर्मा, उपाध्यक्ष पुष्पा शक्ति सहित संघ के सभी पदाधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने पदक विजेता खिलाड़ियों और पूरी टीम को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

लेखक के बारे में

By Sudhir Sinha

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More