Giridih News: जमुआ के +2 उच्च विद्यालय दुम्मा में बाल संरक्षण पर कार्यशाला आयोजित

गिरिडीह: विद्यालय स्तर पर बच्चों की सुरक्षा एवं संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालय में बाल संरक्षण समिति का गठन किया जाना आवश्यक है। साथ ही, बच्चों के साथ सीधे कार्य करने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों एवं अन्य कर्मियों को बाल सुरक्षा के प्रति संवेदनशील होना चाहिए, ताकि बच्चों से संबंधित संवेदनशील मामलों की पहचान कर उन्हें समय पर आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा सके।
उक्त बातें जिला स्तरीय कंसल्टेशन कार्यशाला में प्रतिज्ञा संस्था, रांची की ओर से सरोजित कुमार ने जमुआ के +2 उच्च विद्यालय दुम्मा में कहीं। उन्होंने बाल संरक्षण के प्रति विद्यालय स्तर पर जागरूकता बढ़ाने तथा बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी पहल करने पर जोर दिया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए पूर्व मुखिया रमेश कुमार ने कहा कि विद्यालय स्तर पर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बाल संरक्षण समिति का गठन आवश्यक है। विद्यालयों में पहले से ही विद्यालय प्रबंधन समिति कार्यरत है, लेकिन बच्चों की सुरक्षा एवं संरक्षण से संबंधित मुद्दों पर विशेष रूप से कार्य करने के लिए एक अलग समिति भी होनी चाहिए। इस समिति में प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाओं, बाल संसद के सदस्यों एवं अभिभावकों को शामिल किया जाना चाहिए। साथ ही, समिति के सदस्यों को उचित प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए, ताकि वे बच्चों के अधिकारों एवं संरक्षण से संबंधित मामलों को बेहतर ढंग से समझ सकें और आवश्यक कदम उठा सकें।
प्लस टू उच्च विद्यालय दुम्मा के प्रधानाध्यापक विनोद कुमार ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा एवं संरक्षण समिति का गठन बच्चों को सुरक्षित और भयमुक्त माहौल देने के लिए किया जाता है। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर में बच्चों की सुरक्षा के लिए नियम और नीतियां बनाना तथा उनकी समय-समय पर समीक्षा करना जरूरी है।
वरिष्ठ शिक्षक मनोज कुमार ने कहा कि कार्यशाला में विद्यालय स्तर पर बाल संरक्षण के मुद्दों पर हुई चर्चा बच्चों के साथ-साथ शिक्षकों के लिए भी महत्वपूर्ण रही। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए शिक्षक हर स्तर पर पहल करते हैं और इस विषय के प्रति संवेदनशील भी रहते हैं। यदि विद्यालय स्तर पर बाल संरक्षण नीति एवं नियमावली तैयार की जाती है, तो इससे बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में काफी मदद मिलेगी।
विद्यालय की शिक्षिका फूलमती कुमारी ने कहा कि विद्यालय में बच्चों की सुरक्षा को लेकर निरंतर चर्चा की जाती है। कार्यशाला के माध्यम से बच्चों एवं शिक्षकों को बाल संरक्षण से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त हुई हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी विद्यालय में बच्चों के लिए सुरक्षित, सहज एवं अनुकूल वातावरण बनाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि किसी भी बच्चे के साथ शारीरिक या मानसिक शोषण, भेदभाव अथवा दुर्व्यवहार जैसी घटनाएं न हों। यदि ऐसी कोई घटना सामने आती है, तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
कार्यशाला के दौरान समूह चर्चा एवं केस स्टडी के माध्यम से बाल अधिकारों, बाल संरक्षण से जुड़ी समस्याओं तथा उनके समाधान के तरीकों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस प्रक्रिया के माध्यम से बच्चों, शिक्षकों एवं अभिभावकों के बीच बाल अधिकारों और संरक्षण के प्रति समझ विकसित करने का प्रयास किया गया। साथ ही, बच्चों से संबंधित संवेदनशील मामलों की पहचान करने तथा उनके समाधान के लिए उचित कदम उठाने पर जोर दिया गया।
इस जिला स्तरीय कंसल्टेशन कार्यशाला में किशोर कुमार पंडित, महेंद्र कुमार चौधरी, संजय कुमार वर्मा, संदीप कुमार, श्रीकांत वर्मा, मनोज कुमार, सुधीर कुमार, आरती कुमारी, ज्योति कुमारी, सोनाली कुमारी, प्रियंका कुमारी, संजना कुमारी सहित कुल 42 प्रतिभागियों ने भाग लिया।


