Giridih News: न्यू स्वर्ण शांति ज्वेलर्स लूटकांड में तकनीकी साक्ष्य से आरोपी गिरफ्तार, चांदी के जेवर और बाइक बरामद

गिरिडीह पुलिस की छापामारी टीम की कार्रवाई से लूटकांड में मिली सफलता।
तकनीकी साक्ष्य के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई

गिरिडीह: देवरी थाना क्षेत्र के चतरो स्थित न्यू स्वर्ण शांति ज्वेलर्स के संचालक से हुई लूटकांड का पुलिस ने खुलासा करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और आसूचना के आधार पर मामले में शामिल एक आरोपी को देवघर जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर लूटे गए चांदी के कुछ आभूषण, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त 2026 की शाम करीब 7:15 बजे चतरो स्थित न्यू स्वर्ण शांति ज्वेलर्स के संचालक श्याम सुन्दर सोनार दुकान बंद कर घर जा रहे थे। इसी दौरान सुनसान स्थान पर कुछ अपराधियों ने लूट की घटना को अंजाम दिया था। मामले में श्याम सुन्दर सोनार के आवेदन पर देवरी थाना कांड संख्या 81/26, दिनांक 17 अगस्त 2026 दर्ज किया गया था। मामले में बीएनएस की धारा 309(4) और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर खोरीमहुआ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने आसूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल अपराधियों का सत्यापन किया और लगातार छापेमारी अभियान चलाया।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल पहले ही बरामद कर ली थी। जांच के दौरान पता चला कि इनमें से एक मोटरसाइकिल किसी अन्य व्यक्ति से लूटी गई थी और उसका नंबर प्लेट बदलकर ज्वेलर्स लूट की घटना में इस्तेमाल किया गया था।

देवघर से संतोष पासवान गिरफ्तार

छापामारी दल ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संतोष पासवान उर्फ चरकु, उम्र करीब 27 वर्ष, पिता भोला पासवान, निवासी बेलाटांड/माधोपुर, थाना चंद्रमंडीह, जिला जमुई (बिहार) को देवघर जिले से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के स्वीकारोक्ति बयान और उसकी निशानदेही के आधार पर लूटे गए चांदी के कुछ आभूषण और मोबाइल फोन बरामद कर विधिवत जब्त किए गए हैं। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है।

ये सामान हुए बरामद

  • चांदी की चैन – 1
  • चांदी की बिछिया – 2
  • चांदी की पायल – 1 जोड़ा
  • मोबाइल फोन – 1
  • घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल – TVS Apache RTR 160 और Bajaj Pulsar 150

छापामारी दल में ये अधिकारी शामिल

छापामारी दल में पु०नि० रोहित कुमार महतो, गांवा अंचल (कैम्प तिसरी), पु०अ०नि० श्वेता कुमारी, थाना प्रभारी देवरी, पु०अ०नि० निरंजन कच्छप, थाना प्रभारी भेलवाघाटी, पु०अ०नि० रिषु कुमार सिन्हा, अनुसंधानकर्ता देवरी थाना, पु०अ०नि० उपेन्द्र कुमार यादव, देवरी थाना, तकनीकी शाखा गिरिडीह और देवरी थाना सशस्त्र बल शामिल रहे।

लेखक के बारे में

By Sudhir Sinha

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More