Giridih News: माथाडीह में फॉरवर्ड ब्लॉक की नई कमेटी गठित, 10 अक्टूबर को धरने का ऐलान

वार्ड नंबर 21 में फॉरवर्ड ब्लॉक की नई कमेटी का गठन।
गरीब परिवारों के जमीन और आवास का मुद्दा उठाया

17 सदस्यीय कमेटी में विजय कोल अध्यक्ष और सिंटू कुमार दास बने सचिव

गिरिडीहर: ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक की ओर से गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 21 के माथाडीह में बैठक आयोजित कर पार्टी की स्थानीय कमेटी का गठन किया गया। बैठक के दौरान कई लोगों ने संगठन में शामिल होने का ऐलान किया। इस दौरान भूमिहीनों और जरूरतमंदों के लिए जमीन व आवास के साथ-साथ नगर निगम से नागरिक सुविधाएं हासिल करने को लेकर संघर्ष करने की बात कही गई।

फॉरवर्ड ब्लॉक में शामिल होने वाले लोगों का स्वागत करते हुए पूर्व जिला परिषद सदस्य और पार्टी के जिला संयोजक राजेश यादव ने कहा कि पूरा नगर निगम क्षेत्र विभिन्न समस्याओं से जूझ रहा है। उनके अनुसार, नगर निगम का दायरा बढ़ाया गया है, लेकिन नागरिकों के लिए बुनियादी सुविधाओं की कमी बनी हुई है।

राजेश यादव ने कहा कि बड़ी संख्या में ऐसे गरीब परिवार हैं, जिनके पूर्वज लंबे समय से यहां रहते आए हैं, लेकिन आज भी वे आर्थिक कठिनाइयों से जूझ रहे हैं। उन्होंने आसपास की सीसीएल की खाली जमीन पर जरूरतमंद परिवारों के हक का मुद्दा उठाते हुए जमीन और आवास की मांग को लेकर संगठन के माध्यम से संघर्ष करने की अपील की।

उन्होंने स्थानीय लोगों से सभी जरूरतमंदों के लिए जमीन और पक्का आवास सहित नगर निगम से आवश्यक नागरिक सुविधाएं हासिल करने के लिए संगठन से जुड़कर संघर्ष में शामिल होने का आह्वान किया।

10 अक्टूबर को उपायुक्त के समक्ष धरना

पार्टी नेता की अपील के बाद बैठक में मौजूद लोगों ने संगठन में शामिल होने की घोषणा की। इसके बाद स्थानीय स्तर पर कमेटी का गठन किया गया। नवगठित कमेटी ने घोषणा की कि आगामी 10 अक्टूबर को जुलूस निकालकर उपायुक्त के समक्ष धरना दिया जाएगा। इसके बाद अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन उपायुक्त को सौंपा जाएगा।

विजय कोल अध्यक्ष, सिंटू कुमार दास सचिव चुने गए

सर्वसम्मति से गठित 17 सदस्यीय कमेटी में विजय कोल को अध्यक्ष और सिंटू कुमार दास को सचिव चुना गया। इसके अलावा तीन अन्य सहयोगी पदाधिकारियों का भी चयन किया गया।

बैठक में विकास कोल, टिको दास, मतलु दास, टीपू दास, सूरज भुइंया, मनोहर दास, राजेश दास, गंगाधर दास, बुधन कोल, दशरथ दास, मनोज दास, टिंकू कुमार, दिनेश कोल, शांति देवी, उर्मिला देवी, सुंदरी देवी, मीना देवी, हलिया देवी सहित अन्य लोग मौजूद थे।

लेखक के बारे में

By Sudhir Sinha

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More