विद्या भारती : मेरे लिए आजीविका से पहले साधना स्थली है

सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, गिरिडीह के आचार्य डॉ. ब्रजेश बर्णवाल।

गिरिडीह: जब से मैं विद्या भारती में आचार्य पद पर आसीन हुआ हूँ, तब से लेकर आज तक मुझे निरंतर यही अनुभव होता रहा है कि विश्वविद्यालय और महाविद्यालय की औपचारिक डिग्रियाँ पूरी करने के बाद जीवन की वास्तविक और व्यवहारिक शिक्षा मुझे विद्या भारती में ही मिली है।

यहाँ का हर दिन कुछ नया सिखाता है। प्रतिदिन नए-नए शैक्षिक नवाचार, संस्कार और जीवन-मूल्य सीखने को मिलते हैं। यहाँ कोई विद्वतजन, वरिष्ठ आचार्य या कभी-कभी कोई छोटा सा बच्चा भी अनायास ही बहुत कुछ सिखा जाता है। सीखने की यह प्रक्रिया कभी रुकती ही नहीं।

यहाँ कार्य करते हुए मुझे कभी यह भान ही नहीं रहता कि मेरा मानदेय कितना है। मैं एक पारिवारिक व्यक्ति हूँ, इसलिए स्वाभाविक है कि कभी-कभार मन में मानदेय और भविष्य को लेकर चिंता भी आती है। लेकिन जैसे ही मैं विद्यालय के प्रवेश द्वार में प्रवेश करता हूँ, सारी सांसारिक चिंताएँ वहीं द्वार पर ही छूट जाती हैं।

विद्यालय के भीतर आते ही मन में केवल एक ही भाव जागृत होता है—आज क्या नया सीखना है, आज क्या नया करना है और आज अपने बच्चों को इस तरह कैसे पढ़ाऊँ कि वे विषय को ही नहीं, बल्कि मुझे भी खोजते हुए कक्षा में आएँ।

प्रधानाचार्य जी ने कोई कार्य दिया होगा या प्रांत से कोई योजना आई होगी, बस इसी सकारात्मक चिंतन में मैं दिनभर उसी तरह खोया रहता हूँ, जैसे छात्र जीवन में परीक्षा की तैयारी के समय रात-दिन उसी में डूबा रहता था। अंतर केवल इतना है कि पहले चिंता अपने अंकों की थी, अब चिंता अपने बच्चों के भविष्य की है।

सच कहूँ तो यह विद्यालय मेरे लिए केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की साधना स्थली है। मेरे लिए यह अर्निंग प्लेस से पहले लर्निंग प्लेस है।

और जब भी मैं इस आचार्य वेश में—माथे पर तिलक और हृदय में भारतीयता का गर्व लिए—विद्यालय के किसी कार्य से समाज के बीच निकलता हूँ, तो हृदय गर्व से भर उठता है। लगता है कि मैं केवल नौकरी नहीं कर रहा, बल्कि राष्ट्र निर्माण के यज्ञ में अपनी छोटी-सी आहुति दे रहा हूँ।

लेखक के बारे में

By Sudhir Sinha

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More