Giridih News: धनयडीह स्कूल में पहली बार मतदान से चुनी गई ‘मॉडल युवा ग्राम सभा’, अर्चना कुमारी बनीं सरपंच

मॉडल युवा ग्राम सभा चुनाव में मतदान प्रक्रिया में शामिल विद्यार्थी।
ग्राम पंचायत चुनाव की तर्ज पर हुई मतदान प्रक्रिया

गिरिडीह: लोकतंत्र की बुनियाद और स्थानीय स्वशासन की कार्यप्रणाली को किताबों से निकालकर व्यवहारिक रूप देने की अनूठी पहल पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय धनयडीह में देखने को मिली। निदेशक, झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी-सह-जिला शिक्षा पदाधिकारी, गिरिडीह के निर्देशानुसार विद्यालय में पहली बार ‘मॉडल युवा ग्राम सभा’ का गठन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने मतदान कर सरपंच सहित ग्राम सभा के अन्य सदस्यों का चुनाव किया।

चुनाव प्रक्रिया को वास्तविक ग्राम पंचायत चुनाव की तर्ज पर आयोजित किया गया। विद्यार्थियों को मतदाता सूची, उम्मीदवारों का चयन, मतदान प्रक्रिया, गोपनीय मतदान और मतगणना सहित लोकतांत्रिक चुनाव की पूरी प्रक्रिया से अवगत कराया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अपने पसंदीदा उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान किया।

लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से ‘मॉडल ग्राम पंचायत धनयडीह’ की सरपंच अर्चना कुमारी चुनी गईं। वहीं अमरजीत कुमार को सचिव, गायत्री कुमारी को सहायक सचिव, शीतल कुमारी को शिक्षा प्रभारी, संजीत कुमार वर्मा को स्वास्थ्य प्रभारी और अभिमन्यु कुमार तिवारी को स्वच्छता प्रभारी चुना गया।

इसके अलावा मीनाक्षी कुमारी, राजकुमार यादव, प्रेम कुमार राणा, निधि कुमारी, रीधी कुमारी, आर्यन कुमार, सत्यम कुमार विश्वकर्मा, रवीना कुमारी, द्रौपदी कुमारी, मंजु कुमारी, अनुराधा भारती, सुशील कुमार, प्रिंस कुमार, गौतम कुमार दास, अंशु कुमार मंडल एवं वर्षा रानी को वार्ड सदस्य के रूप में चुना गया। इस प्रकार कुल 22 सदस्यीय मॉडल युवा ग्राम सभा का गठन किया गया।

पुस्तकीय ज्ञान से आगे लोकतंत्र की व्यवहारिक समझ

विद्यालय की शिक्षिका शिखा कुमारी ने बताया कि इस गतिविधि का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें लोकतंत्र, मतदान के अधिकार, स्थानीय शासन, ग्राम सभा की भूमिका और नागरिक जिम्मेदारियों से व्यवहारिक रूप से परिचित कराना है।

मॉडल युवा ग्राम सभा के माध्यम से विद्यार्थियों ने जाना कि ग्राम सभा ग्रामीण लोकतंत्र की महत्वपूर्ण इकाई है और स्थानीय स्तर पर विकास योजनाओं तथा जनहित के मुद्दों में नागरिकों की भागीदारी कितनी महत्वपूर्ण होती है।

विद्यालय के नोडल शिक्षक संजीव कुमार ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों से बच्चों में लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। उन्होंने बताया कि आगे विद्यालय में मॉडल युवा ग्राम सभा की बैठकों के माध्यम से स्थानीय समस्याओं, विकास योजनाओं एवं जनहित के विषयों पर चर्चा और समाधान की प्रक्रिया को भी विद्यार्थियों के बीच व्यवहारिक रूप से प्रस्तुत किया जाएगा।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक भुवनेश्वर प्रसाद सिंह ने मॉडल युवा ग्राम सभा के सभी निर्वाचित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करती हैं।

लेखक के बारे में

By Sudhir Sinha

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More