Giridih News: दर्शनशास्त्र के प्रख्यात प्रोफेसर मदन मोहन प्रसाद का निधन, शिक्षा जगत में शोक

मदन मोहन प्रसाद [फाइल फोटो]
सेवानिवृत्ति के बाद भी छात्रों का करते रहे मार्गदर्शन, शिक्षा और आध्यात्मिकता के प्रति समर्पित रहा जीवन

गिरिडीह: गिरिडीह कॉलेज के दर्शनशास्त्र विभाग के प्रख्यात प्रोफेसर मदन मोहन प्रसाद का 11 अक्टूबर को आकस्मिक निधन हो गया। वे लगभग 90 वर्ष के थे। उनके निधन से गिरिडीह के शिक्षा जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। उनके हजारों पूर्व विद्यार्थियों, शुभचिंतकों और परिजनों में शोक की लहर है।

प्रोफेसर प्रसाद ने अपना संपूर्ण जीवन शिक्षा, ज्ञान के प्रसार और विद्यार्थियों के मार्गदर्शन के लिए समर्पित कर दिया था। वे वर्ष 1996 में गिरिडीह कॉलेज के दर्शनशास्त्र विभाग से सेवानिवृत्त हुए थे। हालांकि, सेवानिवृत्ति के बाद भी उनका अध्ययन-अध्यापन और छात्रों का मार्गदर्शन जारी रहा।

अचानक बिगड़ी थी तबीयत

जानकारी के अनुसार, 7 अक्टूबर की सुबह प्रातः भ्रमण से लौटने के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने उसी शाम उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया। चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उनके स्वास्थ्य में सुधार नहीं हुआ और 11 अक्टूबर को उन्होंने अंतिम सांस ली।

विद्वता के साथ सहृदयता और आध्यात्मिकता की पहचान

प्रोफेसर मदन मोहन प्रसाद केवल एक विद्वान प्राध्यापक ही नहीं, बल्कि सहृदय, आध्यात्मिक और विनोदप्रिय व्यक्तित्व के धनी थे। दर्शनशास्त्र जैसे गंभीर विषय में उनकी गहरी पकड़ थी। इसके साथ ही संगीत के प्रति भी उनकी विशेष रुचि थी। उनका हंसमुख स्वभाव और जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण उन्हें दूसरों से अलग पहचान दिलाता था।

वे लंबे समय तक गायत्री परिवार से सक्रिय रूप से जुड़े रहे और आध्यात्मिक चेतना के प्रसार में योगदान देते रहे। योगशास्त्र में भी उनकी गहरी रुचि थी। वे अपनी दिनचर्या और फिटनेस के प्रति सजग रहते थे तथा लोगों को भी नियमित दिनचर्या अपनाने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित करते थे।

शिक्षा जगत में लंबे समय तक याद किए जाएंगे

प्रोफेसर प्रसाद का जीवन शिक्षा, अनुशासन, आध्यात्मिकता और सकारात्मक सोच का उदाहरण रहा। उनके निधन से उनके परिवार के साथ-साथ उन तमाम विद्यार्थियों और लोगों ने अपना मार्गदर्शक खो दिया, जिन्हें उनके सानिध्य से सीखने का अवसर मिला था। गिरिडीह के शिक्षा जगत में उनके योगदान और उनके सरल, सहज व्यक्तित्व को लंबे समय तक याद किया जाएगा।

लेखक के बारे में

By Sudhir Sinha

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More