Giridih News: सीएनटी और आम रास्ते की जमीन की घेराबंदी के खिलाफ अंचल कार्यालय पहुंचे ग्रामीण

जमीन विवाद को लेकर ग्रामीणों के साथ राजेश यादव।
एक साल पहले दिया था आवेदन

गिरिडीह: ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक की अगुवाई में सेनादोनी पंचायत के बुढ़ियाटांड़ गांव के ग्रामीण सोमवार को अंचल कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने गांव में सीएनटी जमीन और आम उपयोग के रास्ते की जमीन की कथित लूट एवं जबरन घेराबंदी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। वहीं, तिगोजोरी के ग्रामीणों ने जमीन के कागजात नहीं होने के कारण जाति-आवासीय प्रमाण पत्र नहीं बनने की समस्या रखते हुए इसका वैकल्पिक समाधान निकालने की मांग की।

अंचल अधिकारी की अनुपस्थिति में पूर्व जिप सदस्य एवं पार्टी के जिला संयोजक राजेश यादव ने फोन पर उनसे दोनों मामलों को लेकर बातचीत की। इस पर अंचल अधिकारी ने तत्काल संबंधित अंचल कर्मी को बुढ़ियाटांड़ भेजकर वस्तुस्थिति की जांच कराने का आश्वासन दिया। जाति-आवासीय प्रमाण पत्र के मामले में भी सरकार के निर्देशों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई और वैकल्पिक रास्ते को लेकर चर्चा की गई।

राजेश यादव ने कहा कि बुढ़ियाटांड़ में सीएनटी जमीन की कथित लूट और आम रास्ते की जबरन घेराबंदी को लेकर एक साल पहले ही अंचल कार्यालय में लिखित आवेदन दिया गया था। इसके बावजूद जमीन से जुड़ी शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि जाति-आवासीय प्रमाण पत्र के लिए जमीन के कागजात मांगे जा रहे हैं, लेकिन जिन गरीब भूमिहीन लोगों के पास कोई कागजात नहीं हैं, उनके प्रमाण पत्र कैसे बनेंगे, यह गंभीर सवाल है।

उन्होंने प्रशासन से दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए सीएनटी और आम उपयोग के रास्ते की जमीन से संबंधित शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही गरीब एवं भूमिहीन लोगों के जाति-आवासीय प्रमाण पत्र बनाने के लिए वैकल्पिक उपाय को लेकर सरकार से मार्गदर्शन प्राप्त करने की मांग रखी।

राजेश यादव ने कहा कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीणों के पास अपनी जमीन बचाने और जाति-आवासीय प्रमाण पत्र बनवाने की मांग को लेकर आंदोलन करने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचेगा।

मौके पर पार्टी नेता मनोज यादव, संजय चौधरी, पंकज वर्मा, मुकेश यादव सहित संतोष राय, महेंद्र रवानी, गणेश राम, देवशरण मंडल, धनेश्वर मंडल, दिनेश राय, शमशुद्दीन अंसारी, पांचू मियां, विकास वर्मा, रामेश्वर दास, भोला दास, विनोद दास, छोटू दास, डलिया देवी, चिंता देवी, उर्मिला देवी, गुंजा देवी, आरती देवी, कलावती देवी, सोनिया देवी, कुंती देवी, कौशल्या देवी, मोसेमत मधु, देवंती देवी, रिंकी देवी एवं अन्य मौजूद थे।

लेखक के बारे में

By Samridh Media Desk

Samridh Media Desk is the official editorial and news publishing team of Samridh Jharkhand. The desk covers breaking news, politics, national and international affairs, Jharkhand and Bihar updates, crime, business, and trending stories with a focus on accuracy, credibility, and…

Read More