Giridih News : 32 रक्तदाता संगठनों को किया गया सम्मानित, सिविल सर्जन बोले- आप सबके सहयोग से पूरी हो रही रक्त की जरूरत

गिरिडीह : झारखंड स्टेट एड्स कंट्रोल सोसाइटी, रांची के सौजन्य से गिरिडीह जिले के 32 रक्तदाता संगठनों को सम्मानित किया गया। सदर अस्पताल स्थित सभाकक्ष में आयोजित सम्मान समारोह की अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ. बच्चा सिंह ने की, जबकि संचालन रेड क्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन अरविंद कुमार ने किया।
समारोह में विगत वर्ष जिले में रक्तदान शिविर आयोजित करने वाली संस्थाओं के प्रतिनिधियों को मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाली संस्थाओं में श्री कबीर ज्ञान मंदिर, श्री विश्वनाथ नर्सिंग होम, मारवाड़ी युवा मंच, जामा मस्जिद कमेटी, सलूजा गोल्ड, टफकोन परिवार, नवजीवन नर्सिंग होम, देवकी हॉस्पिटल सरिया, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, शिवम क्लिनिक, मोंगिया स्टील, मानव विकास ट्रस्ट बलहरा, रोटरी आई हॉस्पिटल, कार्बन रिसॉर्स, नरेंद्र सिन्हा फाउंडेशन, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, गरीब नवाज रिलीफ फाउंडेशन, केंद्रीय माहुरी वैश्य समिति, भाजयुमो, सर्राफा संघ, माहुरी वैश्य नवयुवक समिति, सुभाष इंस्टीट्यूट, रेड क्रॉस सोसाइटी, सहयोग हॉस्पिटल, सारथी, एनसीसी, नवदीप नर्सिंग होम, एचडीएफसी बैंक, स्कॉलर बीएड, जिला साउंड एसोसिएशन, कार्मेल स्कूल और सीसीएल बनियाडीह शामिल हैं।
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए सिविल सर्जन डॉ. बच्चा सिंह ने कहा कि रक्तदाता संगठनों को सम्मानित कर वह स्वयं गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। इन संस्थाओं के सहयोग से ही जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की आवश्यकताओं को पूरा किया जा रहा है। उन्होंने रक्तदान के क्षेत्र में निरंतर सहयोग देने वाली संस्थाओं की भूमिका की सराहना की।
रेड क्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन अरविंद कुमार ने जिले में थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों की संख्या और उनके लिए प्रतिमाह होने वाली रक्त की जरूरत पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने रक्तदान शिविरों के आयोजन और जरूरतमंदों तक रक्त उपलब्ध कराने में सहयोग देने वाले सभी संगठनों के प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
मौके पर डीएस डॉ. अरविंद कुमार, रक्त अधिकोष प्रभारी डॉ. सोहेल अख्तर सहित कई लोग मौजूद थे।


