बगैर दहेज़ विवाह कर अमर ने समाज को दिया संदेश

गिरिडीह: जिले के सलैडीहकला ग्राम स्थित संस्कृत मध्य विद्यालय के प्रांगन में दहेज मुक्त विवाह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम दहेज़ मुक्त झारखंड सेवा संघ के द्वारा आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम की शुरुआत संघ के राष्ट्रीय सचिव सुरेंद्र प्रसाद वर्मा ने की। इस कार्यक्रम में कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी एवं लोजपा के राष्ट्रीय महासचिव राजकुमार राज मौजूद रहे।

अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि दहेज मुक्त झारखंड सेवा संघ के पदाधिकारियों ने अपने घर से दहेज मुक्त विवाह शुरू कर दिखाया, जो कि समाज के लिए एक संदेश है। इसके आगे उन्होंने यह भी कहा कि समाजसेवी राजेश वर्मा ने अपने बेटे का बिना दहेज़ के विवाह कर समाज के सामने एक उदाहरण पेश किया है।

वहीँ लोजपा के राजकुमार राज ने कहा कि युवा ही देश के भविष्य हैं। वे अगर चाहें तो इस प्रथा को जड़ से खत्म कर सकते हैं। राजेश के पुत्र अमर कुमार वर्मा ने सभी समाज को दहेज मुक्त विवाह कर दिखाया। इसके अलावा भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष विनय कुमार शर्मा ने भी कार्यक्रम में अपने विचारों को रखा। जिसके बाद समाजसेवी राजेश वर्मा ने कहा कि पूर्व सांसद स्वर्गीय रीतलाल प्रसाद वर्मा के साथ रहकर समाज की कुरीतियों को दूर करने के लिए प्रेरणा मिली थी। और जिस दिन वे दहेज मुक्त झारखंड सेवा संघ के संगठन मंत्री बने, उसी दिन उन्होंने अपने पुत्र का बगैर दहेज़ के विवाह की घोषणा कर दी।

इसके अलावा हजारीबाग के समाजसेवी अमरदीप कुमार ने कहा कि बगैर दहेज के विवाह का पंजीकरण होना चाहिए। इसके बाद कांग्रेसी नेता बासुदेव प्रसाद वर्मा, संघ के उप सचिव सेखलाल वर्मा, भाजपा नेता विनय कुमार सिंह, प्रोफेसर अर्जुन वर्मा, परमेश्वर मोदी, महेंद्र यादव, मुखिया प्रेमचंद प्रसाद कुशवाहा, गिरिडीह जिला के संगठन मंत्री पिंकू वर्मा, गिरीडीह जिला के महिला मोर्चा के जिला मंत्री बबीता देवी, उषा शर्मा, बिरनी प्रखंड के महिला मोर्चा की अध्यक्ष कुंती देवी, समाजसेवी छोटू प्रसाद, गिरिडीह जिला के डीआरपी बैजनाथ प्रसाद वर्मा ने कहा कि दहेज एक कुप्रथा है। इस प्रथा को सभी लोगों को मिलकर हटाना चाहिए। इस कार्यक्रम में अशोक शर्मा, सुरेश प्रसाद वर्मा, मोहन वर्मा, विजय कुमार, सुधा कुमारी, अनिता कुमारी, सहित सैकड़ों लोगों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के अंत में संघ के सचिव सुरेंद्र प्रसाद वर्मा धन्यवाद ज्ञापन किया।

 

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More