दुमका : रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने की होम्योपैथी दवा का रेड क्रॉस ने किया वितरण

दुमका : भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, दुमका शाखा द्वारा रविवार को वैश्विक महामारी नावेल कोरोना वायरस से बचाव के लिए मानव शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए होम्योपैथी दवा का वितरण रेड क्रॉस भवन में किया गया. इस दवा का वितरण कोरोना योद्धाओं के लिए निःशुल्क किया गया.

सोसाइटी के सचिव अमरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और कोरोना वायरस कोविद19 से बचाव के लिए रेड क्रॉस सोसाइटी के लाइफ मेंबर सह शहर के प्रसिद्ध होम्योपैथी चिकित्सक डॉ नयन कुमार राय के हाथों करीब 175 लोगों को होम्योपैथी मेडिसिन का निःशुल्क वितरण किया गया. कार्यक्रम में आए हुए सभी लोगों का स्केनर से कोरोना की जांच की गयी. संयुक्त सचिव मनोज कुमार घोष ने बताया कि पुलिस पदाधिकारी, जिला नियंत्रण कक्ष में तैनात पुलिस कर्मी, पीसीआर में गश्त लगानेवाले पुलिस कर्मी, मीडियाकर्मी, दुमका प्रखंड के दर्जनों एएनएम सहित आम लोगों को भी होम्योपैथी दवा का निःशुल्क वितरण किया गया.

रेड क्राॅस सोसाइटी के आजीवन सदस्य डॉ नयन कुमार राय ने कोरोना योद्धाओं को होम्योपैथी दवा देकर उसे तीन दिनों तक दो समय खाने और आवश्यक परहेज के बारे में जानकारी दी. कार्यक्रम में रेड क्राॅस सोसाइटी के वाइस चेयरमैन डा राज कुमार उपाध्याय, सचिव अमरेन्द्र यादव, संयुक्त सचिव मनोज कुमार घोष, आजीवन सदस्य एके सिन्हा, कुमार प्रभात व दशरथ महतो सहित कई लोग मौजूद थे.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More