Dumka News: हर घर तिरंगा: दुमका वन स्टॉप सेंटर में वीर स्वतंत्रता सेनानियों की चित्र प्रदर्शनी आयोजित

दुमका: हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित वन स्टॉप सेंटर दुमका में देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों के चित्रों की प्रदर्शनी लगाई गई।
कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अंजू कुमारी, अंचल अधिकारी दुमका अमर कुमार एवं बाल कल्याण समिति की सदस्य किरण तिवारी ने राष्ट्रीय स्तर पर पूरे देश में आयोजित होने वाले हर घर तिरंगा कार्यक्रम के उद्देश्य और उसके महत्व से लोगों को परिचित कराया। उसी क्रम में वन स्टॉप सेंटर के बारे में भी जानकारी देते हुए बताया गया कि स्वतंत्रता का मतलब देश की स्वतंत्रता के साथ साथ स्त्री स्वतंत्रता से भी है। शोषित पीड़ित स्त्रियों के सम्मान, सुरक्षा व समानता के लिए यह सेंटर काम कर रहा है। इस अवसर पर शोषित पीड़ित महिलाओं के संघर्ष और उससे उनकी आजादी पर आधारित विडियो भी दिखाया गया।

अतिथियों ने वीर स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन संघर्ष और उनके बलिदान को याद करते हुए उनकी तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की। उसी क्रम में कार्यक्रम में उपस्थित लोगों विशेषकर युवाओं बच्चों को उनके जीवन से राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा लेने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों द्वारा देशभक्ति गीतों पर आधारित नृत्य गीत संगीत की प्रस्तुति भी दी गयी और फेंसी ड्रेस के साथ साथ तिरंगे के रंगों एवं राष्ट्रीय भावनाओं को दर्शाती रंगोली भी बनाई गई।
देशभक्ति एवं राष्ट्र प्रेम की भावना पर आधारित हर घर तिरंगा अभियान के इस जागरूकता कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने हाथ में तिरंगा लेकर देश के अमर स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान और उनके बलिदान से लोगों को परिचित कराया। कार्यक्रम का समापन “हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा” के संदेश के साथ किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में बाल विकास परियोजना दुमका सदर प्रखंड की महिला पर्यवेक्षिका तन्नू पंडा, वन स्टॉप की प्रभारी रेखा देवी, प्रखंड समन्वयक सुजाता कर्ण, यूनिसेफ की ज्योत्सना हेंब्रम सहित वन स्टॉप से जुड़े कर्मी, महिलाएं और बड़ी संख्या में आस पास के ग्रामीणों ने भाग लिया।


