दुमका: पिकअप वैन ने परिवार के सात लोगों को रौंदा, चार लोगों की मौत, 3 घायल

आक्रोशित लोगों ने तीन घंटे सड़क जात किया
दुमका: झारखंड की उपराजधानी दुमका में शनिवार को एक परिवार के लिए शनिचरा ग्रह के रुप में तब्दील हो गया। बस का सड़क पर इंजतार कर रहे एक ही परिवार के सात सदस्यों को तेज रफ्तार से आ रही पिकअप वैन ने अपनी चपेट में ले लिया, जिससे चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए। इन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से आक्रोशित लोगों ने लगभग तीन घंटे तक रोड को जाम कर दिया। पुलिस पदाधिकारियों के समझाने व मृतकों के परिजन को 40 हजार रुपये का मुआवजा देने के बाद लोगों ने जाम हटा लिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है।
मृतकों की पहचान रोशन मुर्मू (52), आगोयजोरी से आये उनके रिश्तेदार धनेश्वर मरांडी (58), उसकी पत्नी होपनी सोरेन (52), गायणा मुर्मू (30) के रूप में हुई है। जबकि गायणा की पत्नी नूनी सोरेन, पुत्र सुशील मुर्मू और पुत्री सुनीता मुर्मू गंभीर रूप से घायल हैं व उनका दुमका मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। दुमका के मसलिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत दुमका- फतेहपुर मार्ग अंतर्गत जामजोरी गांव के पास हुए इस भीषण हादसे के बाबत मिली जानकारी के अनुसार रोशन- धनेश्वर के किसी नजदीकी रिश्तेदार की आसनसोल में मौत हो गयी थी। इसी क्रम में धनेश्वर आगोयजोरी से अपने परिवार के साथ बहन के घर जामजोरी पहुंचा। यहां से उसे लेने के बाद आसनसोल जाने हेतु सुबह छह बजे सड़क के किनारे सभी बस का इंतजार कर रहे थे।
अचानक इसकी दौरान काफी तेजी से आ रही मैजिक पिकअप बैन ने इन सभी को कुचल दिया, जिससे चार लोगों ने ऑन द स्पाॅट दम तोड़ दिया। हादसे को अंजाम देनेवाले पिकअप वैन को पुलिस ने जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। घटना की जानकारी मिलते के साथ ही डीएसपी संतोष कुमार, अंचल अधिकारी महेंद्र महतो व स्थानीय थाना के पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थल मुआयना किया।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More