धनबाद की दो लड़कियों ने शादी कर पुलिस से मांगी सुरक्षा, पुलिस ने घरवालों को सौंपा

Dhanbad: धनबाद जिले के जोरापोखर में तीन दिनों से लापता दो लड़कियों ने आपस में शादी कर ली है। शादी के बाद वे थाने पहुंची और बताया कि वे समलैंगिक हैं और उन्होंने एक दूसरे से शादी कर ली है। उन्होंने पुलिस को कहा कि वे साथ रहना चाहती हैं, उन्हें सुरक्षा चाहिए। उनकी बातें सुन पुलिस वालों ने दोनों के परिवार वालों को बुलाया और फिर उन्हें उनके हवाले कर दिया। बता दें कि दोनों लड़कियां तीन दिन से लापता थीं और परिवार वालों की तरफ से शिकायतें भी दर्ज करायी गयी थी। दोनों लड़कियों ने पुलिस को बताया कि वे पहले दोस्त बनीं और फिर उन्हें एक दूसरे से प्यार हो गया।

मारपीट नहीं करने का निर्देश
परिजनों ने पुलिस को बताया कि वे इस रिश्ते को स्वीकार नहीं कर सकते। इसलिए दोनों लड़कियों को अलग बिठाकर समझाया गया। कई घंटे बाद परिवार वाले उन्हें समझाने में कामयाब हुए और उनके साथ घर जाने को दोनों लड़कियां राजी हो गयी। लेकिन अजीब बात ये है कि अपने परिवार से ही भाग कर दोनों लड़कियों ने शादी की थी और वे अपने परिवारों से ही सुरक्षा मांग रही थीं। हालांकि पुलिस ने परिजनों से कहा है कि वे लड़कियों के साथ मार-पीट नहीं करेंगे।

समलैंगिकता को समाज में स्वीकार्यता नहीं
सेक्शन 377 के खत्म हो जाने के बाद भले ही कानूनी रूप से समलैंगिकता अपराध नहीं है, लेकिन अभी भी समाज में समलैंगिकता को स्वीकार्यता नहीं मिली है। इस तरह की घटनाएं अकसर देखने को मिलती हैं, जिसपर समाज ज्यादा ध्यान नहीं देता है। लोगों को मजबूर किया जाता है कि वे अपनी मर्जी और पसंद के खिलाफ शादी करे। झारखंड में ही ऐसा एक और मामला सामने आया था जब दो लड़कियों ने भाग कर शादी की थी। उन्हें भी परिवार वालों को सौंप दिया था।

भारत में समलैंगिकता अपराध नहीं
भारत में समलैंगिकता अपराध नहीं है। 2018 में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद से समलैंगिकता को कानूनी अधिकार मिल सका है। बता दें कि 1861 में ब्रिटीश सरकार ने समलैंगिकता को अपराध घोषित किया था। हालांकि अभी भी समाज को यह स्वीकार्य नहीं है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More