Bokaro News: BSL के JNB पार्क में वन्यजीव सप्ताह-2026 ‘आरण्यक’ का शुभारंभ

JNB पार्क में वन्यजीव सप्ताह ‘आरण्यक’

बोकारो: प्रकृति एवं वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने, जैव-विविधता के संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करने तथा पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से BSL के जेएनबी पार्क में वन्यजीव सप्ताह-2026 ‘आरण्यक’ का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन), बोकारो स्टील प्लांट एवं प्रभागीय वन पदाधिकारी, बोकारो द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

उद्घाटन कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं सहित अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों एवं आगंतुकों के लिए ‘वन्यजीव जागरूकता सत्र’ का आयोजन किया गया, जिसमें वन्यजीव संरक्षण, जैव-विविधता, पारिस्थितिक संतुलन तथा वन्यजीवों एवं उनके प्राकृतिक आवास के संरक्षण के महत्त्व पर जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील एवं जिम्मेदार व्यवहार अपनाने तथा प्रकृति संरक्षण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

‘आरण्यक’ के अंतर्गत जेएनबी पार्क में वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित विभिन्न ज्ञानवर्धक, रचनात्मक एवं सहभागितापूर्ण गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। विभिन्न प्रतियोगिताओं, जागरूकता कार्यक्रमों एवं सहभागिता-आधारित गतिविधियों के माध्यम से वन्यजीवों के व्यवहार, उनके संरक्षण तथा प्राकृतिक आवास के महत्त्व को सरल, रोचक एवं प्रभावी तरीके से समझाने का प्रयास किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का विशेष उद्देश्य आज की युवा पीढ़ी में वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति रुचि, संवेदनशीलता तथा जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है, ताकि वे प्रकृति एवं जैव-विविधता के संरक्षण में अपनी भूमिका को बेहतर ढंग से समझ सकें। साथ ही, जू-कीपर्स के अनुभव एवं सहभागिता के माध्यम से वन्यजीवों की देखभाल, उनके व्यवहार तथा संरक्षण से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं को भी समझने का अवसर प्रदान किया जा रहा है।

‘आरण्यक’ का समापन समारोह 10 अक्टूबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा। जेएनबी पार्क में बोकारो स्टील प्लांट द्वारा आयोजित ‘आरण्यक’ वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरणीय जागरूकता एवं जैव-विविधता के प्रति जनभागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

लेखक के बारे में

By Samridh Media Desk

Samridh Media Desk is the official editorial and news publishing team of Samridh Jharkhand. The desk covers breaking news, politics, national and international affairs, Jharkhand and Bihar updates, crime, business, and trending stories with a focus on accuracy, credibility, and…

Read More