Bokaro News: जिलेभर में एसआईआर-2026 के विशेष शिविर आयोजित, 16 अक्टूबर तक चलेगा अभियान

बोकारो जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों पर एसआईआर-2026 के तहत विशेष शिविर आयोजित किए गए।
मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नोटिस की सुनवाई और प्रमाणपत्रों से जुड़े कार्यों में मिल रही सहायता

बोकारो: विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत सोमवार को बोकारो जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों पर विशेष शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों के माध्यम से पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, नोटिस की सुनवाई तथा आवश्यक प्रमाणपत्रों से संबंधित कार्यों में सहायता प्रदान की गई। यह अभियान आगामी 16 अक्टूबर तक चलेगा।

शिविरों की व्यवस्था और कार्यों की निगरानी के लिए निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ) ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रतिनियुक्त कर्मियों के कार्यों और मतदाताओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।

इमैनुएल लॉ कॉलेज और चास में लगा विशेष शिविर

सेक्टर-6 स्थित इमैनुएल लॉ कॉलेज में विशेष मेगा कैंप आयोजित किया गया। वहीं, ट्रांसजेंडर मतदाताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चास के रामनगर में भी विशेष शिविर लगाया गया। इसके अलावा भोजूडीह के कुष्ठपाड़ा और राजकीयकृत मध्य विद्यालय स्थित मतदान केंद्र सहित जिले के अन्य स्थानों पर भी शिविर आयोजित किए गए। संबंधित अधिकारियों ने शिविरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

प्रपत्र-6 से आवेदन की सुविधा

विशेष शिविरों में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रपत्र-6 के माध्यम से ऑफलाइन और ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। एसआईआर के तहत नोटिस प्राप्त मतदाताओं की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुनवाई की जा रही है। आवश्यक प्रमाणपत्रों के लिए आवेदन लेकर उन्हें संबंधित अंचल अधिकारी कार्यालय भेजने की व्यवस्था भी की गई है।

इसके साथ ही निर्धारित 11 दस्तावेजों से संबंधित जानकारी और आवश्यक सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि मतदाताओं को प्रक्रिया पूरी करने में परेशानी न हो।

16 अक्टूबर तक शिविरों का लाभ लेने की अपील

जिला प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे 16 अक्टूबर तक आयोजित विशेष शिविरों में पहुंचकर मतदाता सूची से संबंधित आवश्यक कार्य पूरे कराएं। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता पंजीकरण से वंचित न रहे और मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रियाओं का निर्धारित समय में निष्पादन हो सके।

लेखक के बारे में

By निर्मल महाराज

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More