Bokaro News: मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने भालू के हमले से पीड़ित परिवारों को सौंपा मुआवजा चेक

बोकारो: पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद मद्य निषेध विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने पेटरवार स्थित वन सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पिछले दिनों झुमरा पहाड़ क्षेत्र में भालू के हमले में मृतक के आश्रित और घायल व्यक्ति को मुआवजा राशि के रूप में चेक प्रदान किया। उन्होंने झुमरा पहाड़ गांव निवासी बद्री महतो को 80 हजार रुपये का चेक सौंपा। बद्री महतो इसी वर्ष जुलाई में भालू के हमले में घायल हो गया था ।वहीं, रामगढ़ जिले के लईयो अंतर्गत गयचंदवा निवासी झरी मांझी की पत्नी आशा देवी को 3 लाख 75 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया। झरी मांझी की जून में बोकारो वन क्षेत्र में भालू के हमले में मौत हो गई थी।
घटना के बाद आश्रित परिवार को तत्काल 25 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई थी। शेष मुआवजा राशि के रूप में अब 3.75 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि वन्यजीवों के हमले में जान गंवाने या घायल होने वाले लोगों के परिवारों को राहत पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। पीड़ित परिवारों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं के प्रति सरकार संवेदनशील है।

