Bokaro News: ‘हम आपको सुनते हैं’ लोक संवाद कार्यक्रम में डीडीसी शताब्दी मजूमदार ने सुने 39 मामले

'हम आपको सुनते हैं' लोक संवाद कार्यक्रम में फरियादियों की समस्याएं सुनतीं डीडीसी शताब्दी मजूमदार।

बोकारो: आमजनों की समस्याओं को सुनने, उनकी शिकायतों के समाधान की दिशा में पहल करने तथा प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से मंगलवार को आयोजित ‘हम आपको सुनते हैं लोक संवाद कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 39 मामलों की सुनवाई की।कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आवेदकों ने अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को उप विकास आयुक्त के समक्ष रखा।

डीडीसी ने प्रत्येक मामले को गंभीरता से सुनते हुए आवेदकों से संबंधित विषयों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने प्राप्त आवेदनों के आलोक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने तथा समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल करने पर जोर दिया।लोक संवाद कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों पर सुनवाई की गई। डीडीसी ने कहा कि आमजनों द्वारा प्रस्तुत प्रत्येक आवेदन महत्वपूर्ण है। इसलिए शिकायतों की प्रकृति को समझते हुए उनकी उचित जांच की जाए और संबंधित नियमों एवं प्रावधानों के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जिन मामलों में विभागीय स्तर पर कार्रवाई अपेक्षित है, उनमें संबंधित पदाधिकारी आवश्यक पहल करें, ताकि आवेदकों को समय पर राहत मिल सके।उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि शिकायतों के निष्पादन के दौरान आवेदकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े। प्रशासनिक स्तर पर समन्वय स्थापित करते हुए मामलों का निष्पादन पारदर्शी एवं जवाबदेह तरीके से किया जाए।डीडीसी शताब्दी मजूमदार ने कहा कि लोक संवाद कार्यक्रम आमजनों की समस्याओं को सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।

इसके जरिए नागरिक अपनी शिकायतों एवं समस्याओं से प्रशासन को अवगत करा सकते हैं। जिला प्रशासन का प्रयास है कि आमजनों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुना जाए और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।मौके पर प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, प्रभारी पदाधिकारी हेमलता बून, एडीडीएस सुचिता किरण, एपीआरओ अविनाश कुमार, पीओ माणिक प्रजापति आदि उपस्थित थे।

लेखक के बारे में

By निर्मल महाराज

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More