Bokaro News: बीएसएल नगर प्रशासन विभाग द्वारा स्ट्रीट फूड विक्रेताओं के लिए स्वच्छता जागरूकता अभियान

बोकारो: स्टील प्लांट के नगर प्रशासन विभाग द्वारा बोकारो इस्पात नगर के जगन्नाथ मंदिर एवं जवाहर लाल नेहरू जैविक उद्यान क्षेत्र में स्ट्रीट फूड विक्रेताओं के लिए स्वच्छता एवं साफ-सफाई संबंधी जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य खाद्य पदार्थों के सुरक्षित रखरखाव, कचरे के उचित निस्तारण तथा सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के प्रति विक्रेताओं को जागरूक करना था।
इस अवसर पर जनस्वास्थ्य अनुभाग के उप महाप्रबंधक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अभियान के दौरान टीम ने स्ट्रीट फूड विक्रेताओं से सीधे संवाद कर उन्हें खाद्य पदार्थों को ढककर रखने तथा बिक्री स्थलों पर नियमित रूप से साफ-सफाई बनाए रखने के महत्व से अवगत कराया। साथ ही, गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में एकत्र करने और उसका निस्तारण निर्धारित कचरा संग्रहण स्थलों पर ही करने की सलाह दी गई।
विक्रेताओं को सार्वजनिक स्थलों पर कचरा फैलाने, खाद्य अपशिष्ट एवं प्लास्टिक को नालियों में डालने, खुले में कचरा जलाने तथा जलजमाव की स्थिति उत्पन्न होने से रोकने के प्रति भी जागरूक किया गया।
बीएसएल की यह पहल जनस्वास्थ्य के प्रति निवारक दृष्टिकोण को सुदृढ़ करने, पर्यावरणीय स्वच्छता को बढ़ावा देने तथा सामुदायिक सहभागिता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को स्वच्छता की आदतें अपनाने के लिए प्रेरित करने के माध्यम से यह अभियान बोकारो इस्पात नगर में स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुव्यवस्थित वातावरण बनाए रखने के सामूहिक प्रयासों को मजबूती प्रदान करता है।


