Bokaro News: मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने नेमरा पहुंचकर स्व. रूपी सोरेन की अंतिम यात्रा में दी श्रद्धांजलि

बोकारो: पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने झारखंड आंदोलन के प्रणेता, दिशोम गुरु एवं पद्म भूषण से सम्मानित स्वर्गीय शिबू सोरेन तथा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पैतृक गांव नेमरा (रामगढ़) पहुंचकर दिवंगत रूपी सोरेन की अंतिम यात्रा में शामिल होकर नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। इस शोकाकुल घड़ी में मंत्री ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन का दर्द अभी थमा भी नहीं था कि रूपी सोरेन के निधन ने परिवार और शुभचिंतकों को एक और गहरी पीड़ा दी है।
मां का साया उठ जाना जीवन की ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं। उनकी ममता, स्नेह और संस्कारों की स्मृतियां सदैव जीवित रहेंगी। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं समस्त शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा की शांति तथा परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

