जी.जी.पी.एस. स्कूल में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम, छात्रों को बताए यातायात नियम

बोकारो: जिला परिवहन पदाधिकारी के निर्देशानुसार एवं यातायात डीएसपी अजय प्रसाद के नेतृत्व में सेक्टर-5 स्थित जी.जी.पी.एस. स्कूल में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में यातायात डीएसपी अजय प्रसाद, यातायात पुलिस निरीक्षक सह यातायात थाना प्रभारी सुषमा कुमारी एवं सड़क सुरक्षा टीम की उपस्थिति में छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा नियमों और यातायात संबंधी महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी गई।
यातायात डीएसपी अजय प्रसाद ने सड़क सुरक्षा संकेतों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने की जानकारी दी। नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के दुष्परिणामों, मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत लागू कानूनी प्रावधानों एवं अभिभावकों की जिम्मेदारियों के बारे में भी बताया गया।
सड़क दुर्घटना के बाद पहले एक घंटे के महत्व, घायल व्यक्ति को शीघ्र चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने तथा समय पर अस्पताल पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया गया। वैध ड्राइविंग लाइसेंस के बिना वाहन नहीं चलाने और वाहन चलाने से पहले आवश्यक दस्तावेजों की वैधता सुनिश्चित करने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद करने, एंबुलेंस एवं आपातकालीन सेवाओं को सूचित करने तथा नेक नागरिक की भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। छात्र-छात्राओं को सड़क पार करते समय जेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करने, सड़क के दोनों ओर देखकर पार करने तथा विद्यालय के आसपास यातायात नियमों का पालन करने की जानकारी दी गई। साथ ही, शराब या अन्य नशीले पदार्थों के सेवन के बाद वाहन नहीं चलाने और सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने का संदेश दिया गया।


