Bokaro News: नशे के आदी युवक ने की बुजुर्ग की हत्या, गिरफ्तार

बोकारो में बुजुर्ग हत्याकांड के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
मॉर्निंग वॉक पर निकले 70 वर्षीय भरत सिंह पर पत्थर से किया हमला, लूटी गई मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल पत्थर बरामद

बोकारो: मॉर्निंग वॉक के लिए निकले 70 वर्षीय बुजुर्ग भरत सिंह की महज कुछ पैसों के लिए पत्थर से हमला कर हत्या कर दी गई। आरोपी उनसे पैसे छीनकर नशा करना चाहता था। हरला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के मामले में सेक्टर-9ए के स्ट्रीट नंबर 4 और 5 के बीच बनी झोपड़ी में रहने वाले 35 वर्षीय पंकज साव उर्फ पंकज वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है।

हरला थाना में मामले की जानकारी देते हुए सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि शनिवार सुबह हुई इस हत्या के महज कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी नशे का आदी है। वह नशे के लिए लोगों से पैसे मांगता था और पैसे नहीं मिलने पर आक्रोशित हो जाता था।

शनिवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले बुजुर्ग के पास आरोपी झोपड़ी से कंबल ओढ़कर निकला और उनसे पैसे मांगने लगा। बुजुर्ग ने पैसे देने से मना कर दिया, तो आरोपी ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया। बुजुर्ग ने जब इसका विरोध किया, तो आरोपी ने सड़क किनारे पड़े पत्थर से उनके सिर पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

मृतक के सेक्टर-9ए निवासी पुत्र अशोक सिंह की लिखित शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से लूटा गया मोबाइल फोन, आरोपी की खून लगी शर्ट और हत्या में इस्तेमाल किया गया पत्थर बरामद किया है।

लेखक के बारे में

By निर्मल महाराज

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More