Bokaro News: ईएसएल वेदांता के 102 रैयत कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल 7वें दिन भी जारी

बोकारो: चंदनकियारी में ईएसएल वेदांता के 102 रैयत कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी रखी है। भूख हड़ताल के सातवें दिन, सोमवार को किसान नेता सह चंदनकियारी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी जगन्नाथ रजवार धरना स्थल पहुँचे और रैयत कर्मचारियों की जायज मांगों का समर्थन किया।
जगन्नाथ रजवार ने कहा, “तानाशाह प्रबंधन, हठधर्मी सरकार व उदासीन प्रशासन के रवैये के कारण ही रैयत कर्मचारियों को कंपनी दर्जे से हटाकर ठेकेदार के अधीन कर दिया गया है।” उन्होंने आरोप लगाया कि रैयत कर्मचारियों की ज्वलंत समस्याओं पर स्थानीय विधायक स्थाई समाधान करवाने के बजाय मूकदर्शक बने हुए हैं।
चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि रैयत कर्मचारियों के साथ हो रहा अन्याय कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि समय रहते सकारात्मक प्रयास नहीं किए गए और रवैया नहीं सुधरा, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रबंधन, सरकार एवं सरकार के प्रतिनिधियों की होगी।
मौके पर जेएलकेएम नेता राजू महतो, श्रीमंत रजक, राकेश कुमार महतो, अंकित कुंभकार, राजू टुडू, अरुण कुमार महतो के अलावा भूख हड़ताल पर बैठे रैयत कर्मचारी लक्ष्मण महतो, रथु रजवार, विजय कुमार महाथा, ताहिर अंसारी, चिरंजीत गोरांई, जय प्रकाश शर्मा, पंकज रजवार, प्रदीप कुमार सिंह, अशोक कुमार महतो, नीतीश कुमार दास, दिनेश कुंभकार, अजित पाठक, पंकज शेखर, काजल हाजरा, राज कुमार, नरेंद्र शर्मा, हसन बाबू, बेलाल अंसारी, मुकेश कुमार महतो, सरफराज अंसारी, निवास चौधरी सहित अन्य रैयत कर्मचारी मौजूद रहे।


