Bokaro News: 45 लंबित मांगों और बोनस को लेकर बीएसएल कर्मचारियों का काला झंडा प्रदर्शन

(AI generated image)

बोकारो: अपनी 45 से अधिक लंबित मांगों तथा बोनस राशि तय करने में एनजेसीएस नेताओं की असफलता को लेकर बीएसएल कर्मचारियों ने मौन रहकर काले झंडे के साथ पदयात्रा सह प्रदर्शन किया। बीएसएल अनाधिशासी कर्मचारी संघ के नेतृत्व में बीएसएल कर्मी मजदूर मैदान में एकत्र हुए तथा वहां से प्रशासनिक भवन धरना स्थल तक काले झंडे के साथ मौन जुलूस निकाला।

धरना स्थल पर सभा को संबोधित करते हुए संघ के महासचिव हरिओम ने कहा कि इस्पात मंत्रालय कार्यालय से बाहर नहीं निकल रहा है और सेल कर्मचारियों की दुर्दशा पर कोई संज्ञान नहीं ले रहा है। सैकड़ों पत्र, फोन और व्यक्तिगत मुलाकातों के माध्यम से अधिकारियों को समस्याओं से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन इस्पात मंत्रालय के अधिकारी मौन साधे हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सेल प्रबंधन अब खुलेआम शोषण पर उतारू है, वहीं एनजेसीएस के हैदराबाद और दिल्ली में बैठे नेता खुद को मैनेजमेंट के हवाले कर चुके हैं।

महासचिव ने कहा कि इसका ताजा उदाहरण बोनस फॉर्मूला है। उन्होंने आरोप लगाया कि वेज रिवीजन एमओयू और एरियर के बाद अब बोनस में भी धांधली जारी है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार 1942 में महात्मा गांधी ने अंग्रेजों के तानाशाही रवैये से तंग आकर देशवासियों से ‘करो या मरो’ का आह्वान किया था, उसी तरह अब सेल कर्मियों को भी अपने शोषण से मुक्ति के लिए ‘संघर्ष करो या मरो’ की राह पर चलना होगा।

सभा को संबोधित करते हुए यूनियन अध्यक्ष दिलीप ने कहा कि बिना यूनियन चुनाव करवाए प्रबंधन लगातार अवैध निर्णय लेते जा रहा है और इस परिपाटी का पुरजोर विरोध किया जाएगा। मौन जुलूस को सफल बनाने में कार्यकारिणी सदस्य शत्रुंजय कुमार, त्रिवेणी सिंह, माणिक मुंडा, देवेंद्र, चुन्नी कुमारी, रेणु कुमारी आदि ने उल्लेखनीय योगदान दिया।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More