26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल करेगा बीएकेएस, बोकारो में आंदोलन तेज

26 अक्टूबर से भूख हड़ताल करेगा बीएकेएस

बोकारो: चास अनुमंडलाधिकारी द्वारा धरना स्थल पर आमरण अनशन की अनुमति नहीं दिए जाने के बाद बीएकेएस ने जिला प्रशासन को नई तिथि और नए स्थल की जानकारी देने का निर्णय लिया है। यूनियन की 13 अक्टूबर को आयोजित आपातकालीन बैठक में दुर्गापूजा के बाद अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल करने का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके आलोक में 26 अक्टूबर, सोमवार को सुबह 10 बजे से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने का निर्णय लिया गया है।

गौरतलब है कि बीएकेएस ने सेल कॉर्पोरेट कार्यालय स्तर के लंबित 45 मुद्दों तथा बोकारो स्टील प्लांट के 50 से अधिक लंबित मुद्दों पर निर्णय नहीं लिए जाने के विरोध में चार चरणों में आंदोलन की घोषणा की थी। इसके तहत पहले चरण में काला बैज लगाया गया, दूसरे चरण में विभागाध्यक्ष कार्यालयों के सामने आक्रोश प्रदर्शन किया गया और तीसरे चरण में काले झंडे के साथ मौन जुलूस निकाला गया।

मांगों पर सकारात्मक कदम नहीं उठाए जाने के बाद यूनियन ने 12 अक्टूबर से प्रशासनिक भवन के सामने स्थित धरना स्थल पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल करने का निर्णय लिया था। इसकी सूचना जिला प्रशासन के साथ इस्पात मंत्री, इस्पात सचिव और सेल के सभी उच्च प्रबंधन को दी गई थी।

अनुमंडलाधिकारी, चास ने धरना स्थल पर विस्थापित समूहों द्वारा आमरण अनशन आयोजित किए जाने का हवाला देते हुए अनुमति देने से इनकार कर दिया। वहीं, यूनियन को सूचित किया गया कि अन्य तिथि और स्थल का चयन करने पर जिला प्रशासन आवेदन पर विचार करेगा। इसके बाद यूनियन ने अपने सदस्यों के साथ बैठक कर 26 अक्टूबर से आमरण अनशन शुरू करने का निर्णय लिया।

बैठक को संबोधित करते हुए यूनियन अध्यक्ष दिलीप कुमार ने चौथे चरण के आंदोलन में सभी सदस्यों से सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

यूनियन का बयान

यूनियन ने कहा, “जिला प्रशासन के आदेश का अक्षरशः अनुपालन करते हुए हमने भूख हड़ताल स्थगित की है। हमारा आंदोलन अभी समाप्त नहीं हुआ है। सभी पक्षों को समय रहते अवगत कराया गया है। इसके बावजूद हमारी मांगों पर सुनवाई नहीं होने के कारण हम अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल करने को विवश हैं।”

लेखक के बारे में

By Samridh Media Desk

Samridh Media Desk is the official editorial and news publishing team of Samridh Jharkhand. The desk covers breaking news, politics, national and international affairs, Jharkhand and Bihar updates, crime, business, and trending stories with a focus on accuracy, credibility, and…

Read More