राष्ट्रीय आदिवासी समागम में द्रौपदी मुर्मू को निर्विरोध राष्ट्रपति बनाने की अपील

रांची : राष्ट्रीय आदिवासी समागम के प्रधान महासचिव सह पू्र्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा ने भारत के आदिवासी संगठनों के प्रतिनिधियों से द्रौपदी मुर्मू को सर्वसम्मत से निर्विरोध राष्ट्रपति चुनने की अपील की है। सूर्य सिंह बेसरा कहा कि झारखंड, बिहार, उड़ीसा और बंगाल समेत पूर्वोत्तर सभी राज्यों के आदिवासी संगठनों के विशिष्ट व्यक्तियों द्वारा 8 जुलाई को कोलकाता स्थित प्रेस क्लब में एकत्रित होकर संयुक्त रुप से द्रौपदी मुर्मू के समर्थन के लिए अपील करेंगे ।

श्री बेसरा ने कहा है कि यह सभी जानते हैं कि भारत में करीब 20 करोड़ आदिवासी निवास करते हैं जो 781 समुदायों में विभक्त होकर भी देश के आदिवासी एक हो का नारा बुलंद किए हुए हैं । उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि लोकसभा के अंदर विभिन्न राज्यों से कुल मिलाकर 47 आदिवासी सांसद निर्वाचित हैं और तो और देश के विभिन्न राज्यों के अलग-अलग विधानसभाओं में आदिवासी सुरक्षित सीटों से करीब 400 से अधिक विधायक भी निर्वाचित हैं।

उन्होने सभी से अपील करते हुए कहा कि अंतरात्मा से एक आदिवासी महिला राष्ट्रपति के उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को अपना बहुमूल्य वोट देकर देश के इतिहास में पहली बार किसी आदिवासी समुदाय की महिला को राष्ट्रपति बनने का एक गौरवशाली इतिहास रचें। पूर्व विधायक श्री बेसरा ने पक्ष-विपक्ष के सभी सांसदों-विधायकों से दलगत भावना से ऊपर उठकर राष्ट्रपति के उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को अपना वोट देने की अपील की है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More