कोडरमा के थर्मल पॉवर प्लांट में बड़ा हादसा, निरीक्षण करने गयी टीम के चार सदस्यों की लिफ्ट से गिर कर मौत

कोडरमा : झारखंड के कोडरमा जिले के बांझेडीह स्थित कोडरमा थर्मल पॉवर प्लांट में गुरुवार, 26 अगस्त 2021 को बड़ा हादसा हुआ। थर्मल पॉवर का निरीक्षण करने के दौरान हादसे में प्रोजेक्ट हेड, प्रोजेक्ट अधिकारी सहित चार लोगों की मौत हो गयी। मरने वालों में अन्य दो इंजीनियर शामिल हैं। यह हादसा गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे हुआ है।
जानकारी के अनुसार, अधिकारियों की यह टीम पॉवर प्लांट का निरीक्षण करने गयी थी, तभी हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, मृतकों में प्रोजेक्ट हेड कृष्णा प्रसाद कोडाली, प्रोजेक्ट ऑफिसर विनोद चौधरी व इंजीनियर कार्तिक सागर एवं नवीन कुमार शामिल हैं।
मृतक अधिकारी व कर्मी प्लांट में काम कर रही थर्मेक्स की सबलेट कंपनी श्री विजया के कर्मचारी थे। यह कंपनी डीवीसी की इकाई केटीपीपी में चिमनी बनाने का काम कर रही है। संबंधित अधिकारी दोपहर में जब निरीक्षण कर 80 मीटर की ऊंचाई से लिफ्ट से नीचे उतर रहे तभी 10 मीटर नीचे आने पर उसका तार टूट गया जिससे लिफ्ट नीचे गिर गयी। दुर्घटना के बाद दो लोगों की मौत मौके पर हो गयी, जबकि दो अन्य की मौत कोडरमा सदर अस्पताल ले जाने के क्रम में हो गयी।
इस बड़े हादसे के बाद प्लांट के सुरक्षा मानकों पर सवाल उठ खड़ा हुआ है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। घटना को लेकर मामले की जांच की जा रही है।


