22 दिसंबर को संताल परगना स्थापना दिवस बहुत धूमधाम से मनाने का लिया गया निर्णय

दुमका : संताल परगना महाविद्यालय के परीक्षा भवन में आदिवासी कल्याण छात्रावासों के नायक और नायिकाओं की संयुक्त अध्यक्षता में संताल परगना स्थापना दिवस को लेकर रविवार को बैठक की गयी। ज्ञात को सिदो कान्हू, फूलो झानो, चाँद भैरव मुर्मू के नेतृव में अंग्रेजों के खिलाफ क्रांतिकारी जन आंदोलन लड़ा गया था, जिसे संताल हुल के नाम से जाना जाता है। इसमें तीस हजार से भी अधिक क्रांतिकारी शहीद हो गए थे।आंदोलन इतना तीव्र था कि अंग्रेजों को पहली बार इस भूभाग में मार्शल लॉ लागू करना पड़ा।
इसी आंदोलन का प्रतिफल था कि अंग्रेजों को मजबूरन एक भूभाग देना पड़ा, जिसका नाम संताल परगना पड़ा। संताल परगना का स्थापना 22 दिसंबर को हुई थी। इसलिए हर वर्ष 22 दिसंबर को बहुत धूमधाम के साथ संताल परगना स्थापना दिवस मनाया जाता है। छात्रों ने यह निर्णय लिया कि 22 दिसंबर को महिला कॉलेज से रैली शुरू होगी और संताल परगना महाविद्यालय में खत्म होगी। रैली में ढोल-नगाड़ों के साथ सभी आदिवासी पारंपरिक ड्रेस में रहेंगे।
स्थापना दिवस को सुचारू रूप से चलाने के लिए समिति का गठन किया गया जिसमें अध्यक्ष हरेंद्र हेम्ब्रम, उपाध्यक्ष राली किस्कु, सचिव मणिलाल हांसदा, कोषाध्यक्ष राजमुनि किस्कु, उपसचिव सोनोति मुर्मू को चुना गया। इस अवसर पर श्यामदेव हेम्ब्रम, राजेन्द्र मुर्मूऔर सभी पुरुष-महिला छात्रवास के छात्र नायक व नायिका उपस्थित थीं।




