बिहार में लॉकडाउन से बड़ी राहत, खुलेंगे सभी स्तर के स्कूल, कोचिंग, सिनेमा व मॉल भी खुलेंगे

पटना : बिहार की नीतीश कुमार सरकार ने लोगों को कोरोना की दूसरी लहर को लेकर लगाए गए लॉकडाउन से बड़ी राहत दी है। लॉकडाउन में नयी छूट सात अगस्त से प्रभावी हो जाएगी। इस संबंध में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ट्वीट कर जानकारी दी है।

नीतीश कुमार ने अपने ट्वीट में कहा है कि कोरोना संक्रमण में कमी को देखते हुए सात अगस्त से 25 अगस्त तक सभी दुकानों को साप्ताहिक बंदी के साथ खोलने का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि नौवीं से दसवीं कक्षा सात अगस्त से खुलेंगी और पहली से आठवीं कक्षा 16 अगस्त से खुलेंगी।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लॉकडाउन से कोचिंग संस्थानों, सिनेमा व शॉपिंग मॉल को भी बड़ी राहत दी है। उन्होंने ऐलान किया है कि कोचिंग संस्थान 50 प्रतिशत उपस्थिति के साथ खुलेंगे, लेकिन एक दिन बंद रखने की शर्त लागू रहेगी। यानी वे छह दिन खुलेंगे। वहीं सार्वजनिक वाहन पूरी क्षमता के साथ चलेंगे। यानी उसमें आधी सवारियां बैठाने की बाध्यता नहीं होगी।

इसके साथ ही प्रतिबंध एवं शर्ताें के साथ सिनेमा हॉल एवं शॉपिंग मॉल भी खुलेंगे। मुख्यममंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि विद्यालयों में बच्चों को कोविड अनुकूल व्यवहार की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने सलाह दी है कि लोगों को अभी भी कोविड संबंधी सावधानी बरतनी चाहिए।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More