ग्लोबल कन्वेंशन ऑन ट्रांसफॉर्मिंग बिहार 2027 के आधिकारिक पोर्टल का हुआ शुभारंभ

पटना: बिहार को विकसित राज्य बनाने के सपने को साकार करने में योगदान देने का मौका लोगों को मिल रहा है। इसके लिए देश-विदेश में बसे विद्वानों, विशेषज्ञों, नीति-निर्माताओं, उद्योगपतियों और बिहार प्रवासी समुदाय के लोगों को एक मंच पर आने का आग्रह उप-मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने किया है। उप मुख्यमंत्री चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी विकसित बिहार की दिशा में निरंतर कार्य कर रहे हैं। इसे सफल बनाने के लिए देश-विदेश में बसे लोग ग्लोबल कन्वेंशन ऑन ट्रांसफॉर्मिंग बिहार 2027 शामिल होने के लिए आगे आएं। यह सम्मेलन 12 और 13 जनवरी 2027 को पटना स्थित सम्राट अशोक कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होने जा रहा है।

इस लेकर उप-मुख्यमंत्री ने सोमवार को पटना के होटल मौर्या में आयोजित प्रेस सम्मेलन के दौरान यह जानकारी दी। इसी दौरान उन्होंने इस कार्यक्रम के आधिकारिक पोर्टल http://www.biharconvention27.com का शुभारंभ किया। वे इस सम्मेलन के संरक्षक भी हैं। सम्मेलन तीन मुख्य विषयों पर केंद्रित होगा – औद्योगिकीकरण को गति देना, सतत शहरीकरण का प्रबंधन तथा शिक्षा और कौशल का विकास।

विकसित बिहार के लिए बनेगी नई रुपरेखा: उप मुख्यमंत्री

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मलेन बिहार के विकास की नई गाथा लिखने की दिशा में एक बड़ा कदम है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में इसे लेकर पहल शुरू हुई थी। वर्ष 2007 के ग्लोबल मीट ऑन रिसर्जेंट बिहार और 2012 के ग्लोबल समिट ऑन चेंजिंग बिहार ने राज्यकी प्रगति को राष्ट्रीय विमर्श के केंद्र में लाया था। अब 2027 का सम्मेलन वर्ष 2047 तक विकसित बिहार के सपने को साकार करने के लिए एक नई रूपरेखा देगा।

उन्होंने आगे कहा कि हमारे राज्य में प्रतिभाशाली युवा मौजूद हैं। वे ही हमारा भविष्य हैं। इन्हें ध्यान में रखते हुए सरकार नीति निर्माण और योजना की दिशा में कार्य कर रही है। इस सम्मेलन के जरिए जो व्यावहारिक परिणाम आएंगे, उन पर सरकार गंभीरता से काम करेगी। मौके पर उन्होंने बुद्धिजीवियों और उद्योगपतियों को सम्मलेन में शामिल होने का आग्रह किया।

10-11 जनवरी को प्री-कन्वेंशन अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन: सचिव

उद्योग विभाग के सचिव एवं बिहार फाउंडेशन के सीईओ कुंदन कुमार ने कहा कि यह सम्मेलन इंस्टीट्यूट फॉर ह्यूमन डेवलपमेंट (आईएचडी) और बिहार फाउंडेशन (उद्योग विभाग) द्वारा नालंदा विश्वविद्यालय के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य बिहार के विकास और उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए साझा रोडमैप तैयार करना है। सम्मेलन से पहले 10 और 11 जनवरी को प्री-कन्वेंशन अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित होगा। इसमें देश-विदेश से लगभग 1,500 विद्वान और विशेषज्ञ जुटेंगे। यह एक बौद्धिक विमर्श की तरह आयोजित होगा, जो बिहार को समृद्ध, सक्षम, समावेशी और विकसित राज्य बनाने के लिए सबको एक साथ लाएगा।

औद्योगिकीकरण से लेकर एआई तक पर होगी चर्चा

आईएचडी एवं कन्वेंशन के निदेशक प्रो. अलख एन. शर्मा ने कहा कि यह आगामी आयोजन बिहार के विकास पर एक जैसी सोच रखने वालों का एक कुंभ होगा। इसे अंतरराष्ट्रीय समिट की तर्ज पर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें मुख्य सम्मेलन से पहले 10-11 जनवरी 2027 को प्री-सम्मेलन होगा। इसमें विद्वानों और विशेषज्ञों की ओर से भेजे गए विभिन्न रिसर्च पेपर पर विचार-विमर्श किया जाएगा। उन्होंने आगे बताया कि कन्वेंशन में सात पूर्ण सत्र आयोजित होंगे, बिहार के विकास में तेजी, औद्योगिकीकरण, सतत शहरी विकास, शिक्षा और कौशल प्रणाली को मजबूत करना, एआई और बिहार का विकास, स्टार्टअप्स के साथ गोलमेज संवाद एवं ब्रांड बिहार पर चर्चा होगी।

इस मौके पर अन्य आयोजन भी होंगे, जिनमें निवेश और अवसर डेस्क, स्टार्टअप पिच आवर, आइडियाज वॉल, बिहार डेटा और पॉलिसी लैब, डायस्फोरा कनेक्ट लाउंज, यूथ डायलॉग, महिला पवेलियन, आर्टिजन बाजार और बिहारी फूड स्ट्रीट आदि शामिल हैं। इस दौरान सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) निदेशक अमन समीर, उद्योग निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता आदि मौजूद थे।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More