केरेडारी में भाजपा प्रत्याशी का जनसंपर्क
हजारीबाग: स्थानीय सांसद सह केंद्रीय विमानन राज्य मंत्री जयंत सिन्हा का सघन चुनावी प्रचार अभियान सोमवार को भी जारी रहा। इस दौरान उन्होंने केरेडारी के लोगों से संवाद किया। सिन्हा कोदवे, पांडू, मनातु, हेवई, बेंगवरी, बालेदेवरी, चट्टी बारियातु, जोरदाग, गोपदा, पचरा, पेटो व केरेडारी का दौरा कर क्षेत्रवासियों से मिलकर अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अधिकाधिक संख्या में मतदान कर लोक कल्याणकारी सरकार बनाने में सहायक साबित हों। कहा कि अपने अधिकार को इस्तेमाल करना अत्यावश्यक है।
श्री सिन्हा ने कहा कि हमारा संगठन विकास की राजनीति के रस्ते पर चलता है जिसका उद्देश्य अंत्योदय के लक्ष्य के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति का उत्थान है। हम दूसरी पार्टियों की तरह जनता को झूठी घोषणाओं से रिझाने का प्रयास नहीं करते हैं। आप सब जानते हैं कि मोदी सरकार में भ्रष्टाचारियों की कोई जगह नहीं है। हम साफ नियत, सही विकास के साथ सबका साथ, सबका विकास करते हैं। श्री सिन्हा ने कहा कि पीएम के नेतृत्व में आतंकवाद हारा है व भारत जीता है।
आज भारत को अंतरिक्ष में विश्व की महाशक्ति के रूप में पहचान मिली है। दुनिया में देश का मान लगातार बढ़ रहा है। इसलिए हमें आज मजबूर नहीं मजबूत सरकार चाहिए जो सिर्फ आदरणीय मोदी जी के नेतृत्व में संभव है। कहा कि देश ने तय कर लिया है कि 2019 में भी उनके नेता मोदी ही होंगे। इसलिए आप सभी हजारीबाग और रामगढ़ वासियों को विकास, परिवर्तन, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, रोजगार जैसे विभिन्न महाअभियानों को निरंतर जारी रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी है।