42 प्रत्याशियों के भाग्य ईवीएम में कैद, बैलेट जीता, हारा बुलेट
स्टेट ब्यूरो: 17वीं लोकसभा चुनाव के सातवें व अंतिम चरण के लिए रविवार को मध्यप्रदेश सहित आठ राज्यों में मतदान संपन्न हो गया। इसमें 59 लोकसभा सीटें शामिल हैं। जिन राज्यों में प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो चुकी हैं, वे हैं:बिहार (8), झारखंड (3), मध्य प्रदेश (8), पंजाब (13), पश्चिम बंगाल (9), चंडीगढ़ (1), उत्तर प्रदेश (13) और हिमाचल प्रदेश (4)। झारखंड के तीन सीटों दुमका, गोड्डा और राजमहल में यज्ञ की अंतिम आहूति हेतु मतदाताओं में भारी उत्साह देखा गया व लोगों ने तमाम तथ्यों को धता बताते हुये ताबड़तोड़ वोट दिये, कुल मिलाकर छिटपुट वारदातों को छोड़ मतदान पूर्णरुपेण शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। वोटिंग के मामले में झारखंड देशभर में अव्वल रहा। यहां लगभग 70.54 फीसद मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। राजमहल में 71.69, दुमका में 71.10 तथा गोड्डा में 69.11 फीसद वोट पड़े। तीनों सीटों पर मतदान समाप्त हो गया है।[URIS id=8357]
इससे पूर्व मतदान सुबह सात बजे आरंभ हुआ और धीरे-धीरे वोट के रेशियो भी बढ़ते गये। बूथों पर सुबह से ही लोगों की लंबी कतार लगी रही। रविवार को झारखंड की 14 सीटों पर लोकसभा का चुनाव संपन्न हो गया है। 2019 के इस लोकसभा चुनाव में यहां चार चरणों में वोट पड़े। पहले चरण में 29 अप्रैल को लोहरदगा, चतरा और पलामू में मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। दूसरे चरण में छह मई को कोडरमा, रांची, हजारीबाग और खूंटी के मतदाता अपने घरों से निकले। तीसरे चरण में 12 मई को धनबाद, गिरिडीह, जमशेदपुर और सिंहभूम में मतदाताओं ने वोट डाले। सातवें चरण यानि की राज्य के चौथे चरण में 19 मई को झारखंड की तीन सीटों राजमहल, दुमका और गोड्डा में वोट डाले गए। आखिरी चरण में झारखंड के दिग्गज पूर्व सीएम शिबू सोरेन सहित कुल 42 प्रत्याशियों के भाग्य को जनता ने ईवीएम में कैद कर दिया है। तीनों सीट पर कुल 45 लाख 64 हजार 68 मतदाता थे, जिनमें 23 लाख 64 हजार 541 पुरुष, 22 लाख 119 महिला और 21 थर्ड जेंडर वोटर्स शामिल हैं। मतदान के लिए कुल 6258 बूथ बनाये गये थे। इनमें 2466 अतिसंवेदनशील और 1745 क्रिटिकल बूथ थे। सुरक्षा कारणों से दुमका में 8 मतदान केंद्रों को बदले गये थे। राजमहल और दुमका एसटी के लिए आरक्षित सीटें हैं, वहीं गोड्डा सामान्य सीट है। राजमहल में एक बार फिर जेएमएम सांसद विजय हांसदा और बीजेपी प्रत्याशी हेमलाल मुर्मू में सीधा मुकाबला है, हालांकि यहां कुल 14 उम्मीदवार मैदान में हैं। दुमका की बात करें, तो यहां जेएमएम सुप्रीमो शिबू सोरेन की प्रतिष्ठा दांव पर है. उनको बीजेपी के सुनील सोरेन से कड़ी चुनौती मिली है। दुमका में कुल 15 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं। गोड्डा में वैसे तो 13 प्रत्याशी दांव खेल रहे हैं, लेकिन सीधा मुकाबला बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे व जेवीएम प्रत्याशी प्रदीप यादव के बीच है।
चप्पे-चप्पे पर तैनात थे सुरक्षाकर्मी
चुनाव में सुरक्षा बल के आगे नक्सली बेबस व असहाय दिखे। वोट बहिष्कार की धमकी देने वाले नक्सली अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो पाया व बुलेट पर एक बार फिर बैलेट भारी पड़ा। मतदाताओं ने भयमुक्त माहौल में मतदान किया। चुनाव के बाबत दूसरे राज्यों से लगने वाली सूबे की सभी सीमाओं को आज सील कर दिया गया था व सुरक्षा के पुख्ता इंतजामा किये गये थे। हर मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा बलों की तैनाती के अलावा संवेदनशील इलाकों में विशेष गस्ती की भी व्यवस्था की गई थी। 928 सेक्टर मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति हुई थी व 589 बूथों पर वेबकास्टिंग की सुविधा उपलब्ध थी। चुनाव के दौरान कुल 37,398 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे। 6258 पोलिंग बूथ बनाए गए थे, इनमें 2460 बूथ संवेदनशील और 1745 बूथ अतिसंवेदनशील घोषित किए गए थे। 604 माइक्रोऑब्जर्वर नियुक्त किए गए थे। सकुशल चुनाव कराने के लिए 37,398 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे। इनमें केंद्रीय अद्धसैनिक बलों की 153 कंपनियां भी शामिल थी।
103 साल के बुर्जुग ने किया मतदान: चुनाव में दिव्यांगों और बुजुर्ग भी मतदान को लेकर उत्साहित थे। वे अपनी उम्र व शारीरिक कमजोरी को मात देते हुए लोकतंत्र के महापर्व में हिस्सा लेने पंहुचे। गोड्डा के बसंतराय प्रखंड के सनोर गांव में स्वतंत्रता सेनानी 103 वर्षीय मतिकांत मिश्र ने मतदान किया।