रांची: घाटशिला से भाजपा विधायक लक्ष्मण टुडू मंगलवार को सड़क हादसे में घायल हो गए। विधायक स्कॉर्पियो से झारखंड विधानसभा चुनाव प्रभारी ओम माथुर के कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए रांची आ रहे थे। इसी दौरान नामकुम में एक पल्सर बाइक से भिडंत हो गई। इससे स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर एक दीवार से जा टकराई। विधायक को मुंह व पैर में गंभीर चोट लगी है, वहीं बाइक सवार युवक को भी चोट लगी है।
ड्राइवर व सुरक्षाकर्मी जख्मी: हादसे में विधायक की गाड़ी के ड्राइवर और गाड़ी में मौजूद सुरक्षाकर्मियों को भी चोट आई है। उधर, हादसे की खबर के बाद नामकुम थाना को इसकी सूचना दी गई। इसके बाद विधायक समेत सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉ दिलीप नायक ने विधायक का मेडिकल बुलेटिन जारी करते हुए कहा कि उनके चेहरे पर चोटें आई हैं, पर अभी तक की सारी रिपोर्ट नॉर्मल हैं। स्पाइन के सीटी स्कैन की रिपोर्ट आनी बाकी है। विधायक जी को 24 घंटे के ऑब्जर्वेशन पर रखा गया है।
सांसद सहित कई अधिकारी मिले
स्थानीय सांसद संजय सेठ मंगलवार को मेडिका अस्पताल पहुंचकर सड़क हादसे में घायल इलाजरत घाटशिला से भाजपा विधायक लक्ष्मण टुडू से मिलकर उनका हालचाल जाना। उन्होंने विधायक का इलाज कर रहे डाॅक्टरों को भी दिशा-निर्देश दिए। सेठ के अलावे कई नेता और अधिकारी मेडिका पहुंचे। फोन पर कई लोगों ने उनकी तबीयत के बारे में पूछा।