लघु व कुटीर उद्योगों के विकास से झारखंड की अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी: मुख्यमंत्री

दिल्ली/रांची: सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्यम मंत्रालय की योजना संचालन समिति की बैठक में झारखंड में लघु उद्योग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 1105.74 लाख रुपये की परियोजना को स्वीकृति प्रदान की गई। इस बाबत लोहरदगा में मधुमक्खी पालन व मधु उत्पादन के लिए 172.83 लाख, रामगढ़ के सुकरिग्रहा में आभूषण निर्माण हेतु 312.34 लाख, रांची के बुंडू में लाह प्रसंस्करण के लिए 471.25 लाख और गुमला में लाह व वनोत्पाद हेतु 149.32 लाख की परियोजना को स्वीकृति प्रदान की गई है। परियोजना के कुल लागत का 15 प्रतिशत झारखंड सरकार व शेष केंद्र सरकार व लघु उद्यमियों द्वारा वहन किया जाएगा।
लघु उद्योग प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने परियोजनाओं की स्वीकृति मिलने पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए जल्द योजना को धरातल पर उतारने का निर्देश दिया है। कहा कि लघु उद्योग को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकताओं में से है। इन परियोजनाओं से 2 हजार लोग प्रत्यक्ष और हजारों लोग अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार से आच्छादित होंगे। कहा कि यह आगाज है, लेकिन आने वाले समय में पूरे प्रदेश में इसका विस्तार होगा तथा लोगों को रोजगार का अवसर दिया जाएगा। नई दिल्ली में आहूत बैठक में सूक्ष्म, लघु एवं माध्यम उद्यम मंत्रालय के सचिव अरुण कुमार पांडा, झारखंड के उद्योग सचिव के रवि कुमार, मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी मुख्यमंत्री लघु व कुटीर उद्यम विकास बोर्ड अजय कुमार सिंह, जिडको के महाप्रबंधक बी एम एल दास सहित कई लोग मौजूद थे।

[URIS id=9499]

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More