राउंड अप पाकुड़
रांची: बारिश की मार से हाल बेहाल है और लगातार एक के बाद एक हादसों का दौर भी जारी है। सोमवार को पाकुड़ के महेशपुर अंतर्गत चंडालमारा में करोड़ों की लागत से बना बांसलोई पुल धवस्त हो गया। बेतहाशा बारिश के कारण इसका पिलर धंस गया और आलम ये है कि लोगों को महेशपुर से अमरापाड़ा जाने के लिए रस्सी का सहारा लेना पड़ रहा है।
चंडालमारा बांसलोई नदी पर इस पुल का निर्माण 2013-14 के दौरान किया गया था और ग्रामीणों द्वारा इस बाबत पुल बनाने में गड़बड़ी किये जाने के मामले पर प्रदर्शन करते हुए तीन महीने के लिए काम ठप करा दिया था। रविवार रात हुई मुसलाधार बारिश को पुल सह न पाया और बीच के भाग से टूट गया। मौके पर बीडीओ उमेश मंडल व लोकल पुलिस की टीम ने पंहुचकर पूरे हालात का जायजा लिया। फिलहाल लोगों की सुरक्षा के बाबत पुल के दोनों ओर बैरिकेटिंग लगा दी गई है।
आपको बता दें कि विगत 6 दिनों से हो रही बारिश के चलते यहां के जन-जीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है। निचले इलाकों के खेतों में पानी भर जाने से फसल बर्बाद होने का खतरा बना हुआ है। अमड़ापाड़ा व महेशपुर में बांसलोई नदी के अलावे तोड़ाई नदी में पानी खतरे के निशान से उपर बह रहा है। सदर प्रखंड के कई क्षेत्रों में स्थित घरों के भीतर पानी घुस गया है। पानी से बड़ी गाड़ियों का आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया है।