काल बना मैसेज का रिप्लाई, युवक की चाकू मारकर हत्या

हजारीबाग: जिले के कटकमदाग थाना के अंतर्गत सुल्ताना गाँव के युवक को चाक़ू मारकर हत्या कर दी गई। युवक द्वारा मोबाइल के मैसेज का रिप्लाई करना उसके लिए मौत का कारण बन गया। मृतक की पहचान सलमान अंसारी के रूप में की गयी, जिसकी उम्र 24 वर्ष बताई जा रही है। हत्या से आक्रोशित युवक के परिजन एवं ग्रामीणों ने हजारीबाग-सिमरिया रोड को जाम कर दिया। इस दौरान उन्होंने आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की।
जानकारी के अनुसार आरोपी बड़कागाँव थाना के चन्दौल निवासी मोहम्मद फैसल की पत्नी के नंबर से सलमान के फोन पर दो दिनों पहले गुड मॉर्निंग का मैसेज आया। जिसका रिप्लाई उसने गुड मॉर्निंग करके दिया। जब फैसल ने मैसेज देखा तो उसने अपनी पत्नी से इस बारे में जानकारी लिया। जिसके बाद आरोपी अपने भाई असलम और दो साथियों के साथ 25 फरवरी को सुल्ताना स्थित अपने ससुराल गया, जहाँ पर उसने अपने ससुराल वालों को इस बारे में जानकारी दी।
इसके बाद फैसल के ससुर कलीम, मो हदीश सहित दोनों भाई और अन्य लोग सलमान के घर पहुँच और मैसेज को लेकर पूछताछ करने लगे। इसके बाद सभी पंचायत करने लगे। इस दौरान जब बात आगे बढ़ने लगी, तब गुस्से में फैसल ने सलमान को चाकू मारकर घायल कर दिया और मौका रहते फरार हो गया। घायल सलमान को हजारीबाग सदर अस्पताल लाया गया, जहाँ उसकी गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रिम्स रेफर कर दिया गया। रिम्स में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। मृतक सलमान की 15 दिनों पूर्व शादी हुई थी।
वहीँ, आक्रोशित परिजनों एवं ग्रामीणों द्वारा मार्ग को जाम किये जाने पर बड़कागांव एसडीपीओ भूपेंद्र रावत, कटकमदाग बीडीओ सह सीओ जितेंद्र कुमार मंडल एवं कटकमदाग पुलिस पहुंची और हत्यारों को शीघ्र गिफ्तार करने का आश्वासन दिया। तब जाकर चार घंटे बाद जाम हटी। बड़कागांव एसडीपीओ ने कहा कि पंचायत के दौरान चाक़ू मारी गयी। पुलिस इस मामले की छानबीन कर आरोपियों पर उचित कार्रवाई करेगी।


