पांकी के सकलदीपा में पीड़ित आदिवासी परिवार से मिले नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने पांकी के सकलदीपा गांव में पीड़ित आदिवासी परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और फुलवरिया में आयोजित आक्रोश महापंचायत को संबोधित किया। उन्होंने पलामू एसपी से परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।

रांची: नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने पांकी विधानसभा क्षेत्र के सकलदीपा गांव में समुदाय विशेष के द्वारा एक आदिवासी बेटी के साथ दुष्कर्म और उनकी दो बहनों के अपहरण किए जाने के मामले में पीड़ित परिवार से जाकर मुलाकात की और पूरी घटना की विस्तृत जानकारी ली। 

पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद नेता प्रतिपक्ष ने फुलवरिया बाजार टांड़ में आदिवासी महिलाओं और बच्चों के साथ हो रहे अत्याचार के खिलाफ आयोजित विशाल आक्रोश महापंचायत सभा को संबोधित भी किया।

मरांडी ने कहा कि उक्त गांव में मात्र पांच छह आदिवासी परिवार निवास करते हैं, बाकी मुस्लिम परिवार के लोग हैं। पीड़ित परिवार ने जो घटनाक्रम बतलाया है, वह कहानी काफी दर्द भरी है। उन्होंने कहा कि बच्ची के साथ फरवरी माह में दुष्कर्म हुआ था। अपराधी के पकड़े जाने के बाद उनके भाई पीड़ित परिवार को धमकी देने लगे। फिर दो-दो लड़कियों को जबरन उठाकर रांची और अन्यत्र जगह ले जाकर महीनों रखा गया। सोचिए, कानून का राज कहां है ? किस प्रकार का यहां आतंक है?

इतना ही नहीं इन्हें बुर्का और हिजाब पहनने के लिए भी दबाव डाला गया। सभी समाज की भांति आदिवासी समाज की भी अपनी संस्कृति, रहन-सहन और खान पान है। इस पर किसी के द्वारा दबाव डालना अनुचित है। उन्होंने अपराधियों को सचेत किया कि इस प्रकार के कृत्य से बाज आएं। साथ ही प्रशासन और मुस्लिम समाज से कहा कि ऐसे अपराधियों, दुराचारियों को समाज से बहिष्कृत करने की जरूरत है। दूसरे घर की मां बहनों को अपनी मां बहन समझनी चाहिए। जो लोग ऐसे तत्व को साथ देंगे इसका खामियाजा उन्हें भी भुगतना पड़ता है।

घटना के बाद पूरा आदिवासी परिवार अभी भी भय और असुरक्षा के साये में जी रहा है। उन्होंने जिले के एसपी से पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की है। 

इस दौरान चतरा सांसद कालीचरण सिंह, पांकी विधायक शशि भूषण मेहता, प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, जिलाध्यक्ष अमित तिवारी सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More