त्रिभुवन मंडल का पलटवार, बोले- मुझे भू-माफिया कहने वाले खुद आधा दर्जन गरीबों की जमीन कब्जाए बैठे हैं

गिरिडीह: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के जिला उपाध्यक्ष सह झारखंड आंदोलनकारी त्रिभुवन मंडल ने मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर विरोधियों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने खिलाफ चलाए जा रहे जमीन संबंधी आरोपों को पूरी तरह निराधार और मनगढ़ंत बताते हुए इसे एक सोची-समझी राजनीतिक साजिश करार दिया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए त्रिभुवन मंडल ने कहा कि जो लोग उन पर किसानों की जमीन पर जबरन मिट्टी डालने का झूठा आरोप लगा रहे हैं, वे खुद भू-माफिया हैं और लगभग आधा दर्जन गरीब व अल्पसंख्यक परिवारों की जमीन दबाकर बैठे हैं। उन्होंने नामजद आरोप लगाते हुए कहा कि स्व. अयूब मियां, इदरीश अंसारी, मुंशी मंडल और सरस्वती दास की जमीनों पर इन दोनों भाइयों ने अवैध कब्जा कर रखा है।
झामुमो नेता ने विरोधियों के चरित्र पर सवाल उठाते हुए कहा कि इनका पूरा परिवार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। राजू मंडल और उसका बेटा भूषण मंडल (जो माले का कार्यकर्ता है) पूर्व में नकली डाबर तेल बनाने और मोटरसाइकिल चोरी जैसे मामलों में जेल जा चुके हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि ऐसे आपराधिक चरित्र के लोगों पर अविलंब कानूनी कार्रवाई की जाए और इनके चंगुल से गरीबों की जमीन को मुक्त कराया जाए।
त्रिभुवन मंडल ने दावा किया कि उनके खिलाफ माहौल बनाने के लिए महिलाओं को तीन-तीन सौ रुपए और पुरुषों को पांच-पांच सौ रुपए देकर एसडीओ कार्यालय ले जाया जा रहा है। उन्होंने कहा, “भाकपा माले के स्थानीय प्रभारी को मुझे ‘भू-माफिया’ कहते हुए शर्म आनी चाहिए। मेरा जीवन क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित रहा है। सरिया को प्रखंड, अंचल, अनुमंडल बनवाने और पावर ग्रिड व सब-स्टेशन की स्थापना के लिए मैंने खुद 110 घंटे तक आमरण अनशन किया है।”
उन्होंने भाकपा माले के वरिष्ठ नेताओं और पूर्व विधायक विनोद सिंह व स्थानीय प्रभारी सीताराम सिंह को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि माले को अपनी गिरती राजनीतिक जमीन की समीक्षा करनी चाहिए, जो नगर निकाय चुनाव में एक वार्ड तक नहीं जीत पाई।
त्रिभुवन मंडल ने माले नेतृत्व से अपील की कि वे किसान हित के नाम पर राजनीति करना बंद करें और अपनी पार्टी के भीतर छिपे ऐसे आपराधिक चरित्र वाले कैडरों को बाहर निकालें, ताकि संगठन की छवि साफ हो सके। उन्होंने नसीहत दी कि अगर माले को कम्युनिस्ट आंदोलन का विस्तार करना है, तो व्यक्ति विशेष के खिलाफ साजिश रचने के बजाय जनता की वास्तविक समस्याओं पर राजनीतिक लड़ाई लड़े।


