नागेश्वर प्रसाद सिंह के निधन से शोक, जलीय सूर्य मंदिर समिति ने दी श्रद्धांजलि

गिरिडीह: बीते रविवार को मिर्जागंज-जगन्नाथडीह स्थित जलीय सूर्य मंदिर प्रांगण में समिति की बैठक आयोजित की गई। श्रावण मास की तैयारियों को लेकर हुई इस बैठक की शुरुआत समिति के सदस्यों ने वरिष्ठ सदस्य नागेश्वर प्रसाद सिंह की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर की। विदित हो कि कुछ दिन पूर्व नागेश्वर प्रसाद सिंह का निधन हो गया था।
बैठक में उपस्थित भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता विजय चौरसिया ने कहा कि पेशे से डीडरायट और बगल पंचायत के टीकामहगा निवासी नागेश्वर प्रसाद सिंह अत्यंत हंसमुख व्यक्ति थे। वे जलीय सूर्य मंदिर समिति के संस्थापक सदस्यों में से एक थे। मंदिर के प्रत्येक कार्यक्रम और आयोजन में वे पूरे समर्पण भाव से अपनी उपस्थिति दर्ज कराते थे। उनके निधन से न केवल मंदिर समिति, बल्कि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
उन्होंने कहा कि आज उनकी स्मृति में सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। बैठक में श्रावण मास को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। मंदिर की सजावट और साज-सज्जा को लेकर तैयारियों की समीक्षा की गई। श्रावण मास में देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ मंदिर में जल चढ़ाने जाने वाले शिवभक्तों के लिए यह सबसे महत्वपूर्ण पड़ावों में से एक है। यहां प्रतिदिन हजारों की संख्या में शिवभक्त पहुंचते हैं। उनकी सुविधाओं का ध्यान रखने के लिए समिति हमेशा की तरह तत्पर रहती है। इस दौरान भजन और प्रवचन का दौर भी चलता रहता है।
इस बार भी समिति ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। यातायात व्यवस्था को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। विजय चौरसिया ने कहा कि झारखंड का गौरव जलीय सूर्य मंदिर देश-विदेश में अपनी ख्याति रखता है। यहां देश-विदेश से पर्यटकों और श्रद्धालुओं का आगमन होता रहता है। खासकर हिंदुओं के पवित्र श्रावण मास में यहां भक्तों का जनसैलाब उमड़ता है। उनके स्वागत और सुविधाओं के लिए समिति के साथ-साथ आसपास के लोग भी अपना सहयोग देते हैं।
बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष सदानंद साहू ने की। बैठक में मुख्य रूप से सचिव उमेश साव, कोषाध्यक्ष विजय वर्मा, मुखिया रंजीत राम, रामरूप साव, सुबोध साव, विजय राम गुप्ता, शंकर राम, डीलर बसंत राम, प्रिंस कुमार, चूरमान राम, लक्ष्मण राय, पंकज मिश्रा, मिस्टर समेत कई लोग उपस्थित रहे।
अध्यक्ष सदानंद साहू ने कहा कि सभी के सहयोग से इस बार भी सभी कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए जाएंगे। श्रद्धालुओं के लिए सभी सुविधाएं चाक-चौबंद रहेंगी।


