ससुराल पहुंचे दामाद ने मचाया कोहराम; ससुर की चाकू मारकर हत्या, पत्नी और साली गंभीर

पलामू : झारखंड के पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गम्हरिया गांव में ससुराल पहुंचे एक दामाद ने आपसी विवाद के बाद अपने ही ससुराल पक्ष पर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में ससुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी की पत्नी और साली गंभीर रूप से घायल हो गईं।
जानकारी के अनुसार आरोपी लवकुश यादव, जो हैदरनगर थाना क्षेत्र के सोवा बरैया गांव का निवासी है, गुजरात में मजदूरी करता था। वह गुरुवार को ट्रेन से जपला स्टेशन पहुंचा और वहां से सीधे अपने ससुराल गम्हरिया गांव गया। बताया जाता है कि वह अपनी पत्नी रीता देवी (23 वर्ष) को अपने साथ ले जाना चाहता था, लेकिन पत्नी द्वारा इनकार किए जाने पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने आपा खो दिया और पास रखे चाकू से पत्नी पर हमला कर दिया। शोर-शराबा सुनकर ससुर सुनील यादव और साली कविता कुमारी बीच-बचाव के लिए पहुंचे। इसी दौरान आरोपी ने ससुर के पेट में चाकू घोंप दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बीच-बचाव में आई साली कविता कुमारी भी घायल हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही छतरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल रीता देवी और कविता कुमारी को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) में भर्ती कराया गया है, जहां दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।


