Shravani Mela 2026: AI, फेस रिकॉग्निशन और ड्रोन कैमरों से देवघर मेले की 24×7 निगरानी

देवघर: राजकीय श्रावणी मेला-2026 के दौरान देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम जलार्पण और बेहतर व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने आधुनिक तकनीक का सहारा लिया है। नेहरू पार्क स्थित एकीकृत मेला नियंत्रण कक्ष (Integrated Mela Control Room-IMCR) से पूरे मेला क्षेत्र की 24 घंटे निगरानी की जा रही है। यहां से AI आधारित कैमरे, फेस रिकॉग्निशन सिस्टम, सीसीटीवी नेटवर्क और ड्रोन कैमरों के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
AI और फेस रिकॉग्निशन तकनीक से सुरक्षा मजबूत
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को और प्रभावी बनाने के लिए मेला क्षेत्र में अत्याधुनिक AI कैमरे लगाए गए हैं, जो भीड़ की स्थिति और संदिग्ध गतिविधियों का स्वतः विश्लेषण कर रहे हैं। वहीं फेस रिकॉग्निशन कैमरों की मदद से असामाजिक तत्वों की पहचान और सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाया जा रहा है।
इसके अलावा पूरे मेला क्षेत्र में स्थापित सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन कैमरे हर गतिविधि की लाइव निगरानी कर रहे हैं। नियंत्रण कक्ष में मौजूद अधिकारी इन कैमरों के माध्यम से पल-पल की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति या भीड़ बढ़ने पर तुरंत आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
तीन पालियों में 24×7 तैनात हैं अधिकारी
मेला नियंत्रण कक्ष में चौबीसों घंटे निगरानी सुनिश्चित करने के लिए दंडाधिकारी, पुलिस अधिकारी और विभिन्न विभागों के कर्मियों की तीन पालियों में प्रतिनियुक्ति की गई है। इससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल निर्णय और त्वरित कार्रवाई संभव हो रही है।
सभी विभाग एक ही कंट्रोल रूम से कर रहे समन्वय
नेहरू पार्क स्थित IMCR में केवल पुलिस और प्रशासन ही नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली, सफाई, नागरिक उड्डयन सहित मेले से जुड़े सभी प्रमुख विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी तैनात हैं। सभी विभाग डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम के माध्यम से अपने-अपने कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
यदि मेला क्षेत्र के किसी भी हिस्से से श्रद्धालुओं की कोई शिकायत, समस्या या सहायता का अनुरोध प्राप्त होता है, तो संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ न्यूनतम समय में समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम यात्रा पर प्रशासन का फोकस
जिला प्रशासन का उद्देश्य बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले प्रत्येक शिवभक्त को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक दर्शन एवं जलार्पण का अनुभव उपलब्ध कराना है। आधुनिक तकनीक और अंतर्विभागीय समन्वय के माध्यम से श्रावणी मेला-2026 को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।


