Shravani Mela 2026: ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजा बासुकीनाथ धाम, लाखों शिवभक्तों ने किया जलाभिषेक

दुमका। श्रावण मास की पहली सोमवारी पर विश्व प्रसिद्ध बाबा बासुकीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही शिवभक्तों की लंबी कतारें मंदिर परिसर में लगी रहीं। “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से पूरा धाम शिवमय हो गया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना की।
बिहार के सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर आए कांवरियों ने पहले बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर में जलार्पण किया और इसके बाद बाबा बासुकीनाथ धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना की। पहली सोमवारी होने के कारण सामान्य दिनों की अपेक्षा श्रद्धालुओं की संख्या काफी अधिक रही।
भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की। पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार और अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) ने कंट्रोल रूम से व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की। मंदिर परिसर और आसपास पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई, जिससे श्रद्धालुओं का जलाभिषेक शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
जिला उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने बताया कि पहली सोमवारी को लेकर सभी विभागों को पूरी तरह सतर्क रखा गया है। वहीं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


